पुल का उद्घाटन 18 मार्च को जगदगुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरुपानंद ने किया था
इस पुल से प्रखंड के लोगों को जिला मुख्यालय पहुंचने में होती है सहूलियत
आनंदपुर : आनंदपुर प्रखंड अंतर्गत कोयल नदी पर 15 वर्षों बाद बनकर तैयार हुए समीज पुल के भविष्य पर संकट मंडराने लगा है. नवनिर्मित पुल के बीचो बीच लगे लोहे के ऐंगल को चोरों द्वारा चोरी कर लिया जा रहा है. पुल के स्लैब में लगे लोहों की चोरी के बाद पुल के भविष्य पर खतरा मंडराने लगा है. वहीं अप्रोच सड़क को लेकर समस्या उत्पन्न होने लगी है. मालूम हो कि अज्ञात चोरों द्वारा पुल के करीब छह स्लैब में से चार स्लैब का एंगल काट कर चोरी कर लिया गया है, जिससे पुल के बीच में दरार एवं अप्रोच सड़क धंसने की स्थिति बन गयी है.
गौरतलब है कि 15 वर्षों बाद बनकर तैयार हुए उक्त पुल का उद्घाटन 18 मार्च को जगदगुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरुपानंद सरस्वतीजी महाराज के हाथों हुआ था. पुल बनने के बाद मनोहरपुर से आनंदपुर होते हुए समीज से चाईबासा के लिए बस सेवा भी बहाल हुई है. इससे क्षेत्र के लोगों को प्रखंड मुख्यालय से जिला मुख्यालय जाने में काफी आसानी हो रही है. बुधवार से स्थानीय लोगों व सीआरपीएफ की मदद से अप्रोच सड़क की मरम्मत की जा रही है.
