– कोल्हान यूनिवर्सिटी
– इंजीनियरिंग छात्रों का आंदोलन
चाईबासा : परीक्षा पास करने के लिए ग्रेस मार्क देने का प्रावधान करने सहित अन्य मांगों को लेकर कोल्हान विश्वविद्यालय पर धरना देने पहुंचे तीन इंजीनियरिंग कॉलेजों के छात्रों ने मंगलवार की सुबह विवि के प्रभारी कुलपति सह प्रमंडल आयुक्त के आवास का घेराव कर दिया.
यहां से छात्रों को हटाने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग किया. छात्रों पर पानी के फव्वारे छोड़े गये और फिर उन्हें हिरासत में ले लिया गया.
छात्रों को बलपूर्वक हिरासत में लेकर चाईबासा के एसोसिएशन ग्राउंड में बनाये गये अस्थायी जेल में रखा गया. इस दौरान छात्रों की पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी हुई. कुछ विद्यार्थी घायल भी हुए. अपराह्न् डेढ़ बजे छात्रों को बौंड पेपर भरवा कर छोड़ा गया.
उन्हें भविष्य में इस तरह विधि-व्यवस्था नहीं बिगाड़ने की चेतावनी दी गयी. इधर प्रोक्टर के आवेदन पर एसडीओ ने विवि परिसर में धारा 144 लागू कर दिया है. 21 जनवरी से अगले आदेश तक यहां धरना-प्रदर्शन करने या मजमा लगाने का प्रतिबंध लग गया है.
कैसे बिगड़ा मामला
सोमवार को छात्र विवि परिसर में कुलपति कार्यालय के समक्ष धरने पर बैठे थे. यहां देर रात तक धरना जारी रहा. छात्र वहां वीसी के आने की मांग कर रहे थे. वीसी के धरना स्थल पर नहीं आने से आक्रोशित छात्र मंगलवा सुबह उनके आवास पहुंच गये और घेराव कर दिया. इससे वहां सड़क भी अवरुद्ध हो गयी.
विधि-व्यवस्था बिगड़ती देख अंतत: पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा. इस दैरान रात भर खुले आकाश के नीचे बैठे रहने के चलते कुछ छात्रों की तबीयत बिगड़ गयी. कुछ छात्र पुलिस के बल प्रयोग में भी घायल हुए. ऐसे सात छात्रों का इलाज निजी नर्सिग होम में कराया गया.
परीक्षा बोर्ड की बैठक में होगी चर्चा
इंजीनियरिंग के छात्रों की मांगों पर बैठक के बिना कोई निर्णय नहीं लिया जा सकता. छात्रों की सभी मांगों को एजेंडे में शामिल किया गया है. बुधवार को विश्वविद्यालय परीक्षा बोर्ड की बैठक हो रही है, जिसमें सभी मांगों पर विचार होगा.
डॉ गंगा प्रसाद सिंह, परीक्षा नियंत्रक, कोल्हान विश्वविद्यालय
