गुवा : गुवा स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में रविवार की रात करीब 8.30 से 9.00 बजे के बीच चोरों ने सेंधमारी का प्रयास किया. बैंके पिछले रास्ते से भीतर घुसे चोरों ने गेट का सिक्कड़ तोड़ डाला पर ताला नहीं तोड़ सके.
चोरों ने लोहे का दरवाजा भी तोड़ने का प्रयास किया, दरवाजा टेढ़ा कर चोर भीतर भी गये पर भीतरी दरवाजा अंदर से बंद रहने के कारण भीतर घुसने में उन्हें सफलता नहीं मिल सकी. इसके बाद चोरों ने दो मोटरसाइकिलों से पेट्रोल और दो जेनरेटरों से डीजल निकालकर ले भागे. स्टेट बैंक के कर्मचारी लाल सिंह ने सुबह 8 बजे बैंक खोलने पर सिक्कड़ टूटा पाया.
इसकी सूचना बैंक मैनेजर लक्ष्मण कुमार बलमुचु ने गुवा थाने में दर्ज करायी है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और सीसीटीवी फुटेज खंगाले. बताया जा रहा है कि सीसीटीवी फुटेज से चोरों की पहचान की जायेगी. बैंक मैनेजर ने बताया कि बैंक में 2 अगस्त 2013 को भी चोरी करने के इरादे से चोर घुसे थे. बैंक के घुसे चोरों का छूटा मोबाइल भी पुलिस ने जब्त कर लिया. पुलिस उसकी जांच कर रही है.
