जिला में योजनाओं के पुनरीक्षण पर प्राक्कलन समिति ने की टिप्पणी, कहा
चाईबासा : विधानसभा की प्राक्कलन समिति ने गुरुवार को सर्किट हाउस में जिले की विभिन्न विभागों के साथ बैठक योजनाओं की समीक्षा की. इस दौरान समिति के सदस्यों ने प्राक्कलन पुनरीक्षित कराये जाने पर सवाल उठाये.
समिति ने विभागीय अधिकारियों से जानना चाहा कि क्या कारण है कि योजनाएं नियमित समय पर पूरा नहीं हो पा रही है. इसके लिये दोषियों के खिलाफ विभाग द्वारा किस तरह की कार्रवाई की गयी. समिति का स्पष्ट मंतव्य था कि अगर कार्रवाई नहीं की गयी व प्राक्कलन का पुनरीक्षित कराने की अनुशंसा की जा रही है तो इसमें विभागीय अधिकारी अपने फायदे देख रहे है.
देर शाम तक चले बैठक में विभिन्न विभागों से मांगी गयी सूचनाओं का संकलन किया गया. जिसका कमेटी के सदस्य अध्ययन करेंगे. वहीं जिन विभागों द्वारा रिपोर्ट नहीं दिया गया है उन्हें शुक्रवार को सुबह रिपोर्ट पेश करने को कहा गया है.
पीएमजीएसवाइ सड़क, पंचायत भवन निर्माण, आंगनबाड़ी भवन निर्माण समेत अधूरे पड़े दूसरे योजनाओं को लेकर भी कमेटी के सदस्यों ने विभागीय अधिकारियों को लताड़ा. बैठक में समिति के अध्यक्ष सरफराज अहमद, विधायक गीता कोड़ा उपस्थित थी.
