चक्रधरपुर : विधायक लक्ष्मण गिलुवा के नेतृत्व में बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने चक्रधरपुर भारत भवन से मंडल रेल प्रबंधक राजीव अग्रवाल की शव यात्रा निकली. शव यात्रा में विधायक गुरुचरण नायक, कोल्हान प्रभारी अमरप्रीत सिंह काले समेत अनेकों कार्यकर्ता शामिल हुए.
शव यात्रा भारत भवन से होते हुए रेलवे स्टेशन रोड, होते हुए स्टेशन पहुंची. इस दौरान आक्रोशित भाजपाइयों ने डीआरएम के खिलाफ गगनभेदी नारे लगाये.
पुतला को स्टेशन के चारों ओर घुमाया गया. तत्पश्चात पुतला दहन किया. समूचा स्टेशन डीआरएम के खिलाफ नारों से गूंज उठा. मालूम हो कि सात जनवरी को विधायक श्री गिलुवा के नेतृत्व में समग्र विकास समिति का प्रतिनिधिमंडल रेलवे अस्पताल में बढ़ी चिकित्सा शुल्क के मामले को लेकर डीआरएम से मिलने गया था. इस दौरान डीआरएम श्री अग्रवाल द्वारा प्रतिनिधिमंडल के साथ र्दुव्यवहार किया गया, जिससे विधायक श्री गिलुवा भड़क उठे.
डीआरएम की अफसरशाही रवैये से नाराज भाजपाइयों ने बुधवार को पुतला दहन किया. इस मौके पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष संजय मिश्र, संजय पासवान, नगर अध्यक्ष अशोक दास, पवन शंकर पांडेय, पीरू हेंब्रम, राजू कसेरा समेत भारी संख्या में कार्यकर्ता शामिल थे.
