बंदगांव : तीन दिनों से लापता टेबो थाना के गुनुमउली वनग्राम निवासी राम बोदरा (50) का शव गुरुवार को पास के जंगल से बरामद कर लिया गया. इस संबंध में टेबो थाना में अज्ञात लोगों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज किया गया है.
पुलिस ने आशंका जतायी है कि किसी धारदार हथियार से राम की हत्या कर जंगल में फेंक दिया गया. जानकारी के मुताबिक 31 दिसंबर की सुबह करीब 9 बजे राम बोदरा अपने खेत से धान लाने के लिए गया था, लेकिन जब वह शाम तक नहीं लौटा, तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन वह नहीं मिला. दूसरे दिन एक जनवरी को भी गांव के लोगों ने समूह बना कर राम बोदरा की तलाश की.
इस क्रम में एक जनवरी के रात गुनुमुली पहाड़ी पर राम बोदरा का शव ग्रामीणों को मिला. इसके बाद गुरुवार की सुबह ग्रामीण व परिजनों ने टेबो थाना में सूचना दी. इसके बाद पुलिस दलबल के साथ घटना स्थल पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया. शव को 3 जनवरी को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा भेजा जायेगा. डीएसपी प्रियदशी आलोक के मुताबिक घटना का खुलासा पुलिस शीघ्र करेगी. हत्या क्यों और कैसे हुई इसके कारणों का अनुसंधान पुलिस करने में जुटी है. वहीं परिजनों ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ टेबो थाना में हत्या का मामला दर्ज कराया है.
