प्रेम निवेदन ठुकराने पर टाटा कॉलेज की छात्र पर हमला
चाईबासा : प्रेम निवेदन ठुकराने से नाराज सिकंदर लकड़ा ने शनिवार की सुबह पुलहातु बरकदाज टोली निवासी टाटा कॉलेज की छात्र पर धारदार हथियार (बंकी) से हमला कर दिया. छात्र पर हमला उस समय किया गया जब वह रोरो नदी से नहाकर घर वापस लौट रही थी. हमले में छात्र के सिर पर गंभीर चोट आयी है.
बचाव में हाथ आगे करने के कारण उसके दोनों हाथों में भी गहरे जख्म हुए है. छात्र की शिकायत पर सदर पुलिस ने हत्या की नियत से हमला करने का मामला दर्ज किया है. सिकंदर छात्र से एकतरफा प्यार करता था, जिसे वह हमेशा इनकार कर देती थी.
योजना के तहत सिकंदर ने किया था हमला
प्रेम निवेदन ठुकराने वाली छात्र को रास्ते से हटाने के लिये सिकंदर ने योजना के तहत उस पर हमला किया था. छात्र रोरो नदी में रोज नहाने जाती थी. उसके लौटने के रास्ते में पुराना दारू भट्टी का स्थल सुनसान रहता था. यहीं सिकंदर शनिवार की सुबह घात लगाकर बैठा था.
सुबह साढ़े आठ बजे नदी से नहाकर लौट रही छात्र को सिकंदर ने रोका तथा उस पर बंकी से हमला कर दिया. तभी बाइक से आ रहे जगन्नाथ लकड़ा व रंजीत कुजूर ने छात्र को किसी तरह सिकंदर के हाथों से छुड़ाया. तब उसकी जान बच पायी थी. छात्र पर हमला के बाद सिकंदर फरार हो गया.
छात्र से कई बार कर चुका था प्रेम निवेदन
छात्र के अनुसार उसके पड़ोस में रहने वाले सिकंदर को वह काफी समय से जानती है. वह हमेशा उसके साथ छेड़छाड़ किया करता था. वह कई दफा उससे प्रेम निवेदन कर चुका था यहां तक की शादी तक का भी प्रस्ताव दिया. इसकी जानकारी उसने अपने घर वालों को दी थी. एक माह पूर्व उसके घर वालों ने इसकी शिकायत सिकंदर के परिवार वालों से की थी. परिवार वालों ने सिकंदर को समझाने का आश्वासन दिया था.
