नोवामुंडी से सुबोध की रिपोर्ट
West Singhbhum News: झारखंड-ओडिशा सीमा क्षेत्र के नोवामुंडी स्थित जोजो कैंप और खिरवाल माइंस के आसपास पिछले दो दिनों से करीब 26 हाथियों का झुंड सक्रिय है. इस झुंड में लगभग 8 बच्चे भी शामिल हैं, जो भीषण गर्मी के बीच पानी और भोजन की तलाश में जंगलों से निकलकर जलाशयों के आसपास डेरा डाले हुए हैं.
जलाशयों के पास डेरा, सड़कों तक पहुंच
मिली जानकारी के अनुसार, हाथी जंगल के भीतर जलाशय के पास पानी पीने के लिए पहुंचे हैं और वहीं रुक गए हैं. हालांकि, अभी तक किसी ग्रामीण को नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन खतरा लगातार बना हुआ है. शाम होते ही हाथियों का झुंड सड़कों पर आ जाता है और कई बार गांव की ओर बढ़ने की कोशिश करता है.
राहगीरों और ग्रामीणों में डर का माहौल
हाथियों की मौजूदगी से सड़क से गुजरने वाले बाइक चालकों और अन्य राहगीरों में भी काफी डर का माहौल है, क्योंकि हाथी अचानक सड़क पर आ जाते हैं, जिससे हादसे की आशंका बनी रहती है.
हाथियों को गांव में घुसने से रोकने की कोशिश
ग्रामीणों द्वारा हाथियों को गांव में घुसने से रोकने के लिए उन्हें वापस जंगल की ओर खदेड़ा जा रहा है. इस दौरान जलाशय के पास आग जलाने की भी सूचना है, जिसकी तस्वीरें सामने आई हैं. हालांकि यह तरीका खतरनाक हो सकता है और इससे हाथी आक्रामक भी हो सकते हैं.
वन विभाग की निगरानी
मौके पर वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है और लोगों से सतर्क रहने की अपील कर रही है. विभाग ने साफ कहा है कि हाथियों से दूरी बनाए रखें, उनके पास जाने या उन्हें छेड़ने की कोशिश न करें और अनावश्यक जोखिम न लें.
यह भी पढ़ें: संकट में रांची का HEC: वेतन बकाया और नए वर्क ऑर्डर न मिलने से बिगड़े हालात, बड़े अधिकारियों ने भी छोड़ा साथ
यह भी पढ़ें: झारखंड हाईकोर्ट की चेतावनी: सेवानिवृत्त कर्मियों को पेंशन न मिली तो रूकेगा नगर विकास सचिव का वेतन
