जमशेदपुर/चाईबासा : चाईबासा के टेबू थानाअंतर्गत चाको गांव निवासी दही राम सांघवार (28) की गोली मार कर हत्या की गयी है. दही राम को बायी ओर से छाती में गोली मारी गयी है जो शरीर को छेदते हुए पार हो गयी. पुलिस ने उसका शव को सोगरा गांव के पास से बरामद कर लिया है.
शव को पोस्टमार्टम के लिए पहले चाईबासा सदर अस्पतल भेजा गया. लेकिन बुरी तरह सड़ी-गली अवस्था में शव के होने के कारण उसे पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज जमशेदपुर भेजा गया.
गत दिनों नक्सलियों द्वारा किसी युवक की हत्या कर उसका शव गायब किये जाने की चर्चा क्षेत्र में चरचा में थी. बताया जाता है कि दही राम बहन के साथ सामान खरीदने बाजार गया था. खरीदारी के बाद उसने बहन को घर जाने को कहा. उसके बाद से वह घर नहीं लौटा. काफी खोजबीन के बाद उसके बारे में जानकारी नहीं मिल पायी.
इधर पुलिस ने बुधवार को सोगरा गांव के पास एक युवक का शव मिलने की जानकारी दी. इसके बाद दही राम के परिवार के लोग मौके पर पहुंचे. उन्होंने शव की पहचान की. दही राम को बायीं ओर की छाती के पास एक गोली मारी गयी है. जो शरीर को छेदते हुए पार हो गयी है. शव के अत्याधिक क्षत-विक्षत होने के कारण उसे पोस्टमार्टम के लिए जमशेदपुर भेजा गया.
