चाईबासा के परिसदन में मंगलवार की दोपहर 12.30 से होनी वाली कैबिनेट की बैठक पर पूरे कोल्हान की निगाह टिकी हुई है. बंद माइंस व क्रशर से सैकड़ों परिवार प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से प्रभावित है जिस पर सरकार को निर्णय लेना है.
राज्य में स्थानीयता को परिभाषित करने वाली नीति की घोषणा अभी बाकी है, कैबिनेट की बैठक में इस पर क्या निर्णय आता है इस पर कोल्हान की नजरें टिकी हुई है. प्रमंडलीय मुख्यालयों में सरकार की बैठक को लेकर रघुवर सरकार की पहल व चाईबासा में प्रस्तावित यह बैठक कई मायनों में अहम होगी.
गांधी टोला मार्ग पर काटे गये कई पेड़
चाईबासा : चाईबासा में मंगलवार को होने वाली कैबिनेट बैठक को तैयार शहर की सफाई अभियान तेज है. सोमवार को गांधी टोला मार्ग पर पड़ने वाले कई पेड़ों को जेसीबी से तोड़ कर हटा दिया गया. सीएस आवास के सामने से करीब चार पेड़ों को तोड़ कर सड़क चौड़ी की गयी है.
जबकि इस काम में लगे ठेकेदारों का कहना है कि सूखी पेड़ों को ही हटाया गया है. इसके अलावा सड़क अतिक्रमण कर चल रहे खटाल व गुमटियों को भी हटा दिया गया. जबकि इस मार्ग के गड्ढों को भरकर इसे अस्थायी रूप से समतल कर दिया गया है.
