चक्रधरपुर : चक्रधरपुर प्रखंड क्षेत्र के ग्रामीणों ने जिप सदस्य राम लाल मुंडा के नेतृत्व में प्रखंड कार्यालय का घेराव किया. ग्रामीणों ने दो मांगों के समर्थन में प्रखंड कार्यालय को जाम किया था. पहली मांग खाद्य सव्रेक्षण कार्य में हर परिवार के लिए प्रिंटेड फॉर्म उपलब्ध कराने या फिर सव्रेक्षण कार्य को बंद करने तथा दूसरी मांग चक्रधरपुर-टोकलो-कुचाई रोड का निर्माण कार्य दो दिनों के अंदर प्रारंभ करना था. सैकड़ों महिला-पुरुष पहुंच कर प्रखंड कार्यालय में आंदोलन में शामिल हुए.
ग्राम सभा के बाद सूची को मिलेगी मंजूरी : शर्मा
प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी नित्यानंद शर्मा से जिप सदस्य श्री मुंडा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल मिल कर खाद्य सुरक्षा सव्रेक्षण पर बात की. श्री शर्मा ने बताया कि हर परिवार का सव्रेक्षण फॉर्म भरा जायेगा. इसका प्रिंटेड फॉर्म नहीं आया है, अभी सादा फॉर्म भरा जायेगा. सभी फॉर्म भरे जाने के बाद ग्राम सभा होगी, जिसमें सूची को मंजूरी देने के बाद ही आपूर्ति शाखा को भेजा जायेगा. इस आश्वासन के बाद ग्रामीण संतुष्ट हुए.
तीन दिन में काम नहीं, तो आंदोलन : मुंडा
जिप सदस्य राम लाल मुंडा ने चक्रधरपुर-टोकलो-कुचाई सड़क निर्माण कार्य तीन दिन के अंदर प्रारंभ नहीं किये जाने पर आंदोलन करने की बात कही है. उन्होंने पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता से दूरभाष पर बात की व तीन साल से बंद सड़क निर्माण कार्य को तीन दिनों के अंदर प्रारंभ करने को कहा. काम शुरू नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गयी है.
