नोवामुंडी : एलआइसी के एकाउंट ऑफिसर नीरज कुमार को पिस्तौल की नोक पर कब्जे में लेकर बाइक सवार दो अपराधी उनका बैग छीनकर फरार हो गये. घटना मंगलवार की सुबह 10 बजे स्टेट बैंक के समीप घटी. नीरज एलआइसी कार्यालय जा रहे थे. हालांकि बैग में रुपये नहीं थे.
पानी की बोतल व अन्य कागजात थे. बैग छीनने के दौरान नीरज व अपराधियों के बीच हाथापाई भी हुई. इस दौरान नीरज जमीन पर बाइक के साथ गिर पड़े. दोनों बादमाशों ने पिस्टल निकालकर फायर करने के लिए ट्रिगर दबाया. लेकिन गोली नहीं चली, मिस फायर हो गया. नोवामुंडी बाजार से नीरज स्टेट बैंक के समीप स्थित एलआइसी कार्यालय जा रहे थे.
घटना के दौरान कोई पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद नहीं था. सूचना मिलने के 20 मिनट बाद पुलिस घटना स्थल पर पहुंची. तब तक बैग लेकर बदमाश नोवामुंडी बाजार की ओर भाग निकले थे. इस घटना को लेकर नोवामुंडी में दहशत का माहौल बना हुआ है. दिनदहाड़े इस तरह के कारनामे से लोग भयभीत है. गौरतलब है कि इससे पूर्व भी टिस्को सुरक्षाकर्मी की स्टेट बैंक के पास बदमाशों ने गोली मार कर हत्या कर दी थी.
