जगन्नाथपुर : न्यूनतम मजदूरी की मांग के साथ-साथ शोषण के खिलाफ मजदूर नेता मानसिंह तिरिया के नेतृत्व में 60 मजदूरों ने बुधवार को अनुमंडल कार्यालय के समक्ष एक दिवसीय धरना प्रदर्शन दिया.
इसके बाद अनुमंडल पदाधिकारी के माध्यम से उपायुक्त, श्रमाधीक्षक व झारखंड के मुख्य सचिव के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया. मजदूरों का कहना है कि अनुमंडल क्षेत्र में चाहे सरकारी व या गैरसरकारी कार्यो में मजदूरों का शोषण हो रहा है. इसे तुरंत बंद किया जाये. मजदूरों की हित में उन्हें चिकित्सा सुविधा बहाल किया जाये.
मजदूरों का आरोप था कि बालाजी कंपनी बड़ाजामदा में मजदूरों को 125 से 145 रुपये, नोवामुंडी में 150 से 180 रुपये, उत्क्रमित उच्च विद्यालय कुदापहातु में 130 रुपये, उत्क्रमित उच्च विद्यालय मालुका में 110 रुपये, अनुमंडल आवास भवन में 120 रुपये रुपये मजदूरी के रुप में मजदूरों को दिया जाता है. मजदूरों द्वारा विरोध करने पर उन्हें अपशब्द कहा जाता है तथा काम से निकाल दिया जाता है. मजदूरों ने अनुमंडल कार्यालय से जगन्नाथपुर बाजार तक एक रैली भी निकाली.
