चक्रधरपुर : चक्रधरपुर पुलिस ने पेटेंट डिजाइन व ट्रेडमार्क चोरी करने के मामले में करोड़ों रुपये की जालसाजी करने का खुलासा करते हुए दिल्ली से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है. इस संबंध में एसडीपीअो आनंद मोहन सिंह ने चक्रधरपुर थाने में संवाददाता सम्मेलन कर बताया कि दिल्ली से गिरफ्तार आर बाबू उर्फ रइस बाबू ने चक्रधरपुर के धूम्र रहित चूल्हा अाविष्कारक रवि राय से जालसाजी की है.
आर बाबू ने रवि राय के धूम्र रहित चूल्हा के पेटेंट डिजाइन व ट्रेड मार्क की चोरी कर ली थी. इसके बाद षड्यंत्र कर जालसाजी करते हुए उक्त प्रोडेक्ट का नकली माल बनाकर तीन सालों से विभिन्न राज्य सरकारों व अन्य जगहों पर बेचता रहा. चूल्हा की ब्रिकी के लिए आर बाबू ने दस्तावेजों से हेराफेरी की व पंजीकृत वेबसाइट की जगह नकली वेबसाइट बनाकर इसकी इंटरनेट पर मार्केटिंग की. इसके जरिये आर बाबू ने करोड़ों रुपये की काली कमाई की. बता दें कि अविष्कारक रवि राय ने धूम्र रहित चूल्हा का पेटेंड डिजाइन व ट्रेड मार्क पर मालिकाना हक होता है, जो कि भारत सरकार के नवीन व नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय एवं भारतीय प्रोद्यौगिकी संस्थान नयी दिल्ली द्वारा पारित कराया जाता. दिल्ली में आर बाबू रवि राय के साथ फायरएनजल चूल्हा निर्माण में बिजनेस पार्टनर थे.
जालसाजी करने के कारण रवि राय ने आर बाबू के खिलाफ चक्रधरपुर थाने में 22 सिंतबर-18 को मामला दर्ज कराया था. इस पर पश्चिमी सिंहभूम पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार एक टीम गठित की गयी. सुकुरपुर जेजे कॉलोनी दिल्ली जाकर पुलिस टीम ने मामले की छानबीन कर आरोपी आर बाबू को गिरफ्तार किया.
पुलिस के मुताबिक आर बाबू ने सारा आरोप को स्वीकार कर लिया. इस मामले का उद्भेदन में एसपी द्वारा गठित टीम में पुलिस अवर निरीक्षक राहुल सिंह, रंजीत महतो, आरक्षी सौरभ सिंह, हवालदार सोना राम दिग्गी शामिल थे.
