मुर्गा महादेव मंदिर पूजा करने गया था निषाद परिवार
जगन्नाथपुर : मुर्गा महादेव मंदिर परिसर के बने झरना में डूबकर केरला इंगलिश स्कूल, चंपुआ के कक्षा दो के छात्र सात वर्षीय शुभम कुमार निषाद की मौत हो गयी. मृतक जगन्नाथपुर निवासी समाजसेवी गोपाल निषाद का इकलौता पुत्र था. घटना शुक्रवार की दोपहर 12 बजे
घटने की बात कही जा रही है. धार्मिक प्रवृति वाला गोपाल निषाद का परिवार जगन्नाथपुर से मुर्गा महादेव मंदिर पूजा-अर्चना करने गया था. परिवार में कुल 15 से अधिक सदस्य थे. जिनमें बच्चे भी शामिल थे. पूजा से पूर्व परिवार के लोग मंदिर के नीचे झरना में नहाने उतरे. नहाने वाले स्थान पर परिवार के अन्य वयस्क के साथ ही कई बच्चे भी नहा रहे थे. अचानक गोपाल निषाद की पत्नी की नजर नहा रहे बच्चों पर गयी.
वहां उसे सात वर्षीय शुभम कहीं नजर नहीं आया. घबराई मां ने अन्य लोगों से शुभम के बारे में पूछा. इसके बाद शुभम खोज शुरू हुई. लोगों ने काफी खोजबीन के बाद सुभम को पानी से बाहर निकाला. लोगों को लगा की वह बेहोशी की हालत में है. उसे लेकर सभी लोग तत्काल नोवामुंडी टिस्को अस्पताल लेकर गये. यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद शुभम को मृत घोषित कर दिया.
अचानक परिवार की खुशिया मातम में बदल गयी. गोपाल निषाद को दो बेटियों व एक पुत्र शुभम था. दोनों बेटियां शुभम से छोटी है. भगवान के दर्शन को गये परिवार के एक सदस्य की मौत से पूरे जगन्नाथपुर में शोक की लहर है वहीं परिजनों को रो-रोकर बुरा हाल है.
