झींकपानी : अखिल भारतीय क्रांतिकारी आदिवासी महासभा व झारखंड जनरल कामगार यूनियन की ओर से एसीसी कंपनी गेट पर धरना-प्रदर्शन कर जमीन मालिकों को रोजगार देने, सीएसआर के तहत 10 किमी के दायरे में आनेवाले गांवों का विकास करने जैसी मांगें रखी. जुलूस की शक्ल में सभी जमीन मालिक आसपास के गांवों में घूमकर एसीसी कंपनी के मुख्य गेट के समक्ष पहुंचकर धरना प्रदर्शन किया गया. धरना का नेतृत्व यूनियन अध्यक्ष जॉन मिरन मुंडा ने किया.
श्री मुंडा ने कहा कि एसीसी कंपनी 1946 से इस क्षेत्र से चूना पत्थर का दोहन कर रही है, लेकिन 71 सालों में भी इस क्षेत्र का विकास नहीं हो पाया. उलटे कारखाना से निकलनेवाले जहरीले धुएं एवं डस्ट ने इस क्षेत्र को प्रदूषित कर दिया है. धरना के बाद प्रतिनिधिमंडल ने एसीसी सीमेंट वर्क्स झींकपानी के प्रबंधन को 9 सूत्री मांग पत्र सौंपा. प्रदर्शनकारियों ने कहा कि कंपनी जब तक मांगों पर कंपनी विचार नहीं करती तबतक लगातार आंदोलन करते रहेंगे. धरना में जिला अध्यक्ष मानसिंह तिरिया, उपाध्यक्ष माधव चंद्र कुंकल, सचिव नरेश सुंडी, कृष्णा तिरिया, अर्जुन दोराइबुरू, कोदमा होनहागा समेत सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे.
