सदर व नगरपालिका क्षेत्र की गुरु गोष्ठी आयोजित
चाईबासा : मंगलवार को सदर व नगरपालिका क्षेत्र के प्राथमिक व मध्य विद्यालयों के प्रधान शिक्षक-शिक्षिकाओं की मासिक गुरु गोष्ठी मारवाड़ी हिंदी मवि में बीइइओ विपिन कुमार लालदास की अध्यक्षता में संपन्न हुई. गोष्ठी में विद्यालय के कनीय शिक्षकों के नाम से एसएमसी मद की राशि से टैबलेट संचालन के लिए सिम खरीदने का निर्देश दिया गया. बीइइओ ने बताया कि शिक्षकों को जल्द ही टैबलेट वितरित कर दिये जायेंगे, जिसके बाद शिक्षक जीपीएस लगे उक्त टैबलेट से ही सारा विभागीय प्रतिवेदन सौंपेंगे. उन्होंने सभी शिक्षकों को जल्द ई सर्विस बुक अपडेट करा लेने को कहा, अन्यथा उनका वेतन रोका जाएगा.
बैठक में वर्तमान सत्र के लिए मध्याह्न भोजन योजना का बजट तैयार कर विभाग को सौंपने का निर्देश दिया गया. बीइइओ ने बताया कि मध्याह्न भोजन के लिए खाद्यान्न अब विद्यालय के पोषक क्षेत्र की राशन दुकान से मिलेगा. इस दौरान अरविन्दो संस्था के हितेश मेहता ने विद्यालय में नवाचारी कार्यक्रम संचालित करने का तरीका बताया, जबकि बीइइओ ने एकलव्य विद्यालयों में प्रवेश दिलाने के लिए बच्चों का आवेदन पत्र भरवाने की अपील की. बीइइओ ने टाटा कॉलेज कॉलोनी मवि में संग्रहालय का 20 जनवरी को उद्घाटन होने की जानकारी देते हुए इसकी तैयारी में तेजी लाने को कहा. गोष्ठी में अनिल सिंह, जहांगीर आलम, महेश सिंह, कृष्णा देवगम समेत सभी विद्यालयों के प्रधान शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित थे.
