गोइलकेरा. मंगरा दस्ते की टोह में हिंडुंग में छापेमारी
जवानों के देख भागने लगा था असिसन बारला, खदेड़ कर पकड़ा
गोइलकेरा : पीएलएफआइ मंगरा लुगुन दस्ते की धर-पकड़ के लिए चलायी गयी छापेमारी के दौरान पुलिस ने असिसन बारला (25) को देसी एक नाली बंदूक के साथ गिरफ्तार किया है. असिसन सारूगाड़ा पंचायत अंतर्गत हिंडुंग गांव का रहने वाला है.
जानकारी अनुसार सोमवार को गुप्त सूचना पर पुलिस व सीआरपीएफ 60वीं बटालियन द्वारा संयुक्त रूप से हिंडुंग में छापेमारी अभियान चलाया गया. पुलिस को जानकारी मिली थी कि मंगरा लुगुन दस्ता हिंडुंग गांव में ही है. इस दौरान जवान जैसे ही हिंडुंग गांव पहुंचे. असिसन बारला उन्हें देख भागने लगा. इस पर जवानों ने उसे खदेड़ कर पकड़ लिया. इसके बाद उसके घर की तलाशी ली गयी, तो एक देसी एक नाली बंदूक बरामद किया गया.
मौके पर ही असिसन से बंदूक के कागजात की मांग की गयी, लेकिन वह दस्तावेज नहीं दिखा सका. इसके बाद पुलिस असिसन को गिरफ्तार कर थाने ले आयी. जहां उससे पूछताछ की गयी. इस संबंध में थाना प्रभारी शशि भूषण चौधरी ने कहा कि गिरफ्तार असिसन पीएलएफआइ समर्थक बताया जाता है. बहरहाल गोइलकेरा थाने में धारा 25 (1-बी) ए, 26 (1) के तहत मामला दर्ज कर असिसन को जेल भेज दिया गया.
