रोजगार के लिए लौह अयस्क ढुलाई ठप करने की कोशिश नाकाम
पुलिस से धक्का-मुक्की भी हुई
20 मिनट तक लौह अयस्क की ढुलाई रही ठप
चार घंटे तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा
दोनों ओर वाहनों की लगी कतार
नोवामुंडी : रविवार को बड़ाजामदा रेलवे लोडिंग साइडिंग में रोजगार देने की मांग को लेकर लौह अयस्क ढुलाई ठप करने पहुंचे ग्रामीणों व पुलिस के बीच झड़प के साथ धक्का-मुक्की हो गयी. तत्पश्चात करीब चार घंटे तक चले हाई वोल्टेज ड्रामा का अंत आश्वासन के साथ हुआ. सीओ ने डीसी के साथ त्रिपक्षीय वार्ता कराने का भरोसा दिलाया. सुरक्षा घेरा को तोड़कर लौह अयस्क की ढुलाई ठप करने जा रही भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल का प्रयोग करना पड़ा.
जिप सदस्य शंभु हाजरा के नेतृत्व में लौह अयस्क की ढुलाई ठप करने पहुंचे ग्रामीणों व झाविमो के केंद्रीय महासचिव अभय सिंह के साथ पुलिस की झड़प हो गयी. पहले चरण में करीब 11 बजे पुलिस की सुरक्षा घेरा को तोड़कर महिलाएं सड़क पर पहुंच गयी. पुलिस व आंदोलनकारियों के बीच झड़प हो गयी. दोनों पक्षों की ओर से धक्का मुक्की होने लगी. करीब बीस मिनट तक अयस्क ढुलाई कार्य ठप रहा. दोनों अोर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. एसडीपीओ तौकीर आलम व सीओ गोपी उरांव के समझाने के बाद भीड़ वापस लौटी.
पहुंचे झाविमो केंद्रीय महासचिव, फिर बेकाबू हुई भीड़ : भीड़ लौटने के कुछ देर बाद जमशेदपुर से झाविमो के केंद्रीय महासचिव अभय सिंह आंदोलन स्थल पर पहुंचे. उनके आते ही भीड़ दुबारा प्रतिबंधित क्षेत्र की ओर बढ़ने लगी. भीड़ को पुलिस ने रोका. दंडाधिकारी के रूप में नोवामुंडी के सीओ गोपी उरांव मौजूद थे. रेलवे लोडिंग साइडिंग में यूएम व डीबी की लौह अयस्क की ढुलाई व रैक लोडिंग का कार्य निर्बाध रहा. डीबी व यूएम के रैक लोडिंग से लेकर लोडिंग समेत तमाम कार्यों में में 1000 लोकल मजदूरों को ही रोजगार मिल रहा है.
आंदोलनकारियों ने सीओ को सौंपा मांग पत्र
लोडिंग साइडिंग में रोजगार सृजन के मामले को लेकर सीओ गोपी उरांव को मांग-पत्र सौंपा गया. सीओ ने आंदोलनकारियों को जिला प्रशासन व माइंस प्रबंधकों के साथ समझौता वार्ता कराने का भरोसा दिलाया.
मजदूरों का शोषण बंद हो : अभय सिंह
झाविमो के प्रदेश महासचिव अभय सिंह ने कहा कि गरीब आदिवासियों का शोषण बंद नहीं किया गया, तो झारखंड बंद का एलान किया जायेगा. एक पखवाड़े में आदिवासियों को अधिकार नहीं मिला, तो 16 फरवरी से झाविमो सड़क पर उतरेगा. लौह अयस्क की ढुलाई ठप करने की चेतावनी दी गयी.
