वरिष्ठ सिंडिकेट सदस्य राजेश शुक्ला का राजभवन से कार्यकाल खत्म, राज्य सरकार के प्रतिनिधि बने
राजभवन ने दो सिंडिकेट सदस्य का नाम जारी किया, दो कॉलेजों के पूर्व प्राचार्यों को मिला मौका
10 नवंबर से पूर्व सभी सदस्यों का नाम जारी होने की संभावना
चाईबासा : कोल्हान विश्वविद्यालय के सिंडिकेट व सीनेट सदस्यों में जल्द फेरबदल होना है.सिंडिकेट को जल्द चार नये सदस्य मिलेंगे. राज्य सरकार से चार सदस्यों का नाम अबतक जारी नहीं हुआ है. एक साल से चारों पद रिक्त है. वरिष्ठ सिंडिकेट सदस्य राजेश शुक्ला का तीन साल (राजभवन से नामित) का कार्यकाल खत्म हो गया है. अब राज्य सरकार के सिंडिकेट सदस्य के रूप में प्रतिनिधित्व करेंगे. सरकार ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है.
वहीं राजभवन ने बहरागोड़ा के पूर्व प्राचार्य डॉ डीपी सत्यपति व एलबीएसएम के पूर्व प्राचार्य दिगंबर हांसदा को सिंडिकेट सदस्य के रूप में नामित किया है. विवि के सिंडिकेट सदस्यों में राजभवन का दो प्रतिनिधित्व पद सुनिश्चित है. राज्य सरकार से पांच मेंबर प्रतिनिधित्व करेंगे. वर्तमान में राज्य सरकार का एकमात्र प्रतिनिधि राजेश शुक्ला है. आगामी छह नवंबर को सीनेट चुनाव है.
इसके बाद 10 नवंबर को सीनेट की बैठक होगी. इसके पूर्व सदस्यों की घोषणा संभव है. सिंडिकेट के सारे सदस्य सीनेट के सदस्य होते हैं. राजभवन से नामित सदस्य का तीन साल का होता है कार्यकाल : राजभवन से नामित सदस्यों का कार्यकाल तीन साल का होता है. वहीं राज्य सरकार से नामित सदस्यों का कार्यकाल दो साल का होता है. सरकार व राजभवन चाहे तो सदस्यों का कार्यकाल बढ़ा सकता है.
