चक्रधरपुर . उपायुक्त से अंजुमन ने की अपील
चक्रधरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के उर्दू स्कूल में उर्दू भाषी शिक्षक पदस्थापित नहीं होने से उर्दू शिक्षा का हाल बुरा है. उर्दू स्कूलों की दशा बदलने के लिए मुसलिम सेंट्रल अंजुमन ने उपायुक्त से अपील किया है कि ग्रेड-4 की प्रोन्नति व पदस्थापन के समय उर्दू स्कूलों में उर्दू भाषी शिक्षकों को ही पदस्थापित किया जाये.
कहा गया है कि उर्दू स्कूलों में अब भी भाषा शिक्षक के तौर पर गैर उर्दू भाषी शिक्षक पदस्थापित हैं. जिस कारण बच्चों को उर्दू की शिक्षा नहीं दी जा पा रही है. प्रोन्नति दिये जाने के क्रम में उर्दू स्कूलों से गैर उर्दू भाषी शिक्षकों को हिंदी स्कूलों में पदस्थापित करने और उर्दू स्कूलों में उर्दू विषय पर बहाल हुए शिक्षकों को ही पदस्थापित करने का आग्रह किया गया है. मालूम हो कि मध्य विद्यालयों में तीन तरह के पद सृजित हैं. इनमें स्नातक विज्ञान, कला व भाषा के शिक्षक पदस्थापित किये जायेंगे.
ग्रेड-4 की प्रोन्नति से इन पदों को भरा जायेगा. मुसलिम सेंट्रल अंजुमन चक्रधरपुर के अध्यक्ष हाजी अरशद अहमद खान व महासचिव तजम्मुल हुसैन ने उपायुक्त अरवा राजकमल से अपील किया कि पदस्थापना के समय ख्याल नहीं रखा गया तो भविष्य में भाषाई अल्पसंख्यक स्कूलों में सुधार नहीं आयेगा.
इन स्कूलों में कार्यरत नहीं हैं उर्दू शिक्षक
उर्दू मवि जगन्नाथपुर, उमवि मौलानगर जगन्नाथपुर, उर्दू मवि बड़ीबाजार चाईबासा, श्रद्धानंद मवि चाईबासा, उर्दू मवि सिमिदीरी चक्रधरपुर, दंदासाई उर्दू मवि चक्रधरपुर, शौंडिक धर्मशाला मवि चक्रधरपुर एवं टाउन हॉल मवि चक्रधरपुर.
इन स्कूलों में है हिंदी भाषी शिक्षक पदस्थापित
उर्दू मवि बड़ीबाजार चाईबासा, उर्दू मवि सिमिदीरी चक्रधरपुर, दंदासाई उर्दू मवि चक्रधरपुर, शौंडिक धर्मशाला मवि चक्रधरपुर एवं टाउन हॉल मवि चक्रधरपुर. इसके अलावा सभी उर्दू प्राथमिक विद्यालयों में भी गैर उर्दू भाषी शिक्षक पदस्थापित हैं.
प. सिंहभूम के स्कूल जहां उर्दू बच्चे हैं
उर्दू मवि जगन्नाथपुर, उमवि मौलानगर जगन्नाथपुर, उर्दू मवि मझगांव, उर्दू मवि बड़ीबाजार चाईबासा, श्रद्धानंद मवि चाईबासा, उर्दू मवि सिमिदीरी चक्रधरपुर, दंदासाई उर्दू मवि चक्रधरपुर, आदर्श मवि देवगांव चक्रधरपुर, शौंडिक धर्मशाला मवि चक्रधरपुर एवं टाउन हॉल मवि चक्रधरपुर में उर्दू भाषी बच्चे हैं. इसके अलावा अनेकों प्रखंडों में प्राथमिक विद्यालय उर्दू माध्यम के हैं.
