144 लोगों के लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा की थी
अन्य जिले व राज्य से जुड़े 117 चालकों का केस ट्रांसफर
सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने की कार्रवाई
चाईबासा : जिला पुलिस ने बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर रोक के लिए नियमों का उल्लंघन कर वाहन चला रहे लोगों का लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई शुरू की है. पश्चिम सिंहभूम पुलिस अधीक्षक कार्यालय ने 144 लोगों का लाइसेंस रद्द करने के लिये जिला परिवहन पदाधिकारी से अनुशंसा की है. इसके आलोक में गुरुवार को जिला परिवहन पदाधिकारी ने जिले के 27 लोगों के लाइसेंस छह माह के लिये रद्द कर दिया है. सभी के खिलाफ मोटरवाहन अधिनियम की धारा 184 और आइपीसी की धारा 279 के तहत कार्रवाई की है. वहीं अन्य जिलों से जुड़े 117 मामलों को वहां के डीटीओ कार्यालय स्थानांतरित कर लाइसेंस रद्द करने की अनुशंसा की है.
इन 27 लोगों का लाइसेंस हुआ रद्द : शंकर टोप्पो, वासीउद्दीन, सतीश चंद्र सवैया, कृतन पान, नजरूल हक साई, आनंद मछुवा, अनूप कुमार हेस्सा, अरुण कुमार सिंह, अशोक मिस्त्री, बाजी बरजो, बेलाल अंसारी, बुटान सिंह पुरती, चंद्रमोहन बोयपायी, बिरज कुमार मिश्रा, इमिल मिंज, गुरुचरण हांसदा, हरिचरण हेंब्रम, हरीश चंद्र पान, इमरान खान, कैलाश पाट पिंगुवा, कैलाश पोलाई, कुलदीप बिरुवा मोरंग सिंह पिंगुवा, पंकज कुमार, पंकज सिंकु, राजेश कुमार मल्लिक, रंजित सुलंकी.
छह माह बाद फिर लाइसेंस के लिए करना होगा आवेदन
जिन लोगों का लाइसेंस रद्द हुआ है. उन्हें अपना लाइसेंस शुरू कराने के लिए जिला परिवहन पदाधिकारी को छह माह के बाद आवेदन देना पड़ेगा. अगर पुलिस केस में दोषी पाये जाते हैं, तो उनका लाइसेंस नहीं बनेगा. वहीं आरोपों से मुक्त होने वालों का लाइसेंस रिन्यू कर दिया जायेगा.
दूसरे राज्य में भी नहीं बन पायेगा लाइसेंस
ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के आरोप में अगर देश के किसी शहर में ड्राइविंग लाइसेंस रद्द होता है, तो नयी व्यवस्था से दूसरे राज्यों में भी ड्राइविंग लाइसेंस नहीं बन पायेगा. सभी राज्यों के ड्राइविंग लाइसेंस को नेशनल पोर्टल से जोड़ने की प्रक्रिया आरंभ कर दी गयी है.
कार्रवाई की जद में आये कई फिलहाल जेल में
परिवहन विभाग की कार्रवाई की जद में आने वाले कई लाइसेंसधारी फिलहाल जेल में हैं. वहीं कुछ लाइसेंसी बेल पर या उन पर मुकदमा चल रहा है.
सड़क दुर्घटनाओं के मामलों से जुड़े 144 लोगों के लाइसेंस रद्द करने की पुलिस विभाग ने अनुशंसा की गयी है. इसके आलोक में जिले से जारी 27 लोगों के लाइसेंस रद्द कर दिये गये हैं. 117 मामलों को संबंधित जिले व राज्य के डीटीओ कार्यालय भेज दिया गया है.
– संजय पीएम कुजूर, जिला परिवहन पदाधिकारी, पश्चिम सिंहभूम
