मामला ग्रामीणों द्वारा विद्युत अभियंता से बदसलूकी का
ज्ञापन सौंपने आये कराइकेला के ग्रामीणों ने की हाथापाई
चक्रधरपुर : चक्रधरपुर विद्युत विभाग के कनीय अभियंता गंभीर रजवार ने विद्युत प्रमंडलीय कार्यालय में सरकारी काम में बाधा पहुंचाने, हाथापाई करने के विरुद्ध ग्रामीणों के खिलाफ चक्रधरपुर थाना में लिखित शिकायत की है. शिकायत में जेई श्री रजवार ने कहा है कि 10 जुलाई को कराइकेला के लगभग 25 से 30 ग्रामीण बीरू त्रिपाठी के साथ विद्युत कार्यालय पहुंचे. उनके पास कार्यपालक अभियंता के नाम बिजली समस्या से संबंधित एक आवेदन था. आवेदन रिसीव करने के उपरांत एक व्यक्ति जबरन सरकारी काम में बाधा उत्पन्न करने लगा. इतना ही नहीं, वह गाली गलोज कर रहा था तथा समझाने के बावजूद नहीं मान रहा था.
इसी क्रम में एक युवक ने उनके (रजवार) की गर्दन में हाथ डाल कर हाथापाई शुरू कर दी. पूछताछ के क्रम में पता चला कि उस युवक का नाम बीरू त्रिपाठी है. श्री रजवार ने मारपीट करने व सरकारी काम में बाधा उत्पन्न करने वाले ग्रामीणों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है. मालूम हो कि अनियमित विद्युत आपूर्ति तथा विभाग से संबंधित अन्य समस्याओं को लेकर कराइकेला के ग्रामीण सोमवार को कार्यपालक अभियंता के पास आये थे. कार्यपालक अभियंता के मौजूद नहीं रहने पर उन्होंने जेई श्री रजवार से बात की, जिस दौरान ग्रामीणों से तू तू मै मै हुई और मामला बिगड़ गया.
