कोल्हान विवि प्रशासन ने डीइओ को पत्र लिख मांगा सहयोग
विद्यार्थियों की संख्या के अाधार पर होगा विषय का चयन
पहले सत्र में आर्ट्स व कॉमर्स विषय की होगी पढ़ाई
चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम के कुमारडुंगी में इसी माह डिग्री कॉलेज शुरू की जायेगी. विवि प्रशासन इसकी तैयारी कर ली है. हालांकि कॉलेज का पहला सत्र अस्थायी भवन में चलाया जायेगा. उसके बाद नया भवन तैयार होगा. विवि प्रशासन ने सहयोग के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी को पत्र लिखा है. विवि ने पुराने सरकारी स्कूल भवन में कॉलेज चलाने की सुविधा मुहैया कराने को कहा है, ताकि वहां के विद्यार्थियों को इसी साल से स्नातक की पढ़ाई में आसान हो.
विवि प्रशासन चक्रधरपुर महिला डिग्री कॉलेज व मनोहरपुर डिग्री कॉलेज के लिए अस्थायी भवन की तलाश करने में जुटा है. भवन मिलते ही डिग्री कॉलेज शुरू की जायेगी. कुमारडुंगी डिग्री कॉलेज में पहले सत्र में आर्ट्स व कॉमर्स संकाय की पढ़ाई होगी. इसके बाद साइंस संकाय शुरू होगा. विवि प्रशासन विद्यार्थियों की संख्या के आधार पर विषय का चयन करेगा. इतिहास, हिंदी, पॉलिटिकल साइंस, हो, अंग्रेजी, अर्थशास्त्र समेत अन्य कुछ विषय में स्नातक की डिग्री ले सकते हैं.
विवि प्रशासन के मुताबिक भवन के अाधार पर सीट तय होगा. भवन में कितने कमरें होंगे. उसकी जांच करने के बाद ही सीट तय किया जायेगा. उस क्षेत्र के विद्यार्थियों का नामांकन पहले लिया जायेगा.
कुमारडुंगी में इसी माह (जुलाई में) डिग्री कॉलेज की स्थापना होगी. जिला शिक्षा पदाधिकारी को पत्र लिखकर स्कूल की मांग की गयी है. हाइ स्कूल में डिग्री कॉलेज की स्थापना होगी. पहले अस्थायी भवन में कॉलेज चलेगा. उसके बाद स्थायी भवन का निर्माण किया जायेगा.
– डॉ जेपी मिश्रा, सीसीडीसी, कोल्हान विवि
