गोइलकेरा : श्रावण माह की पहली सोमवारी पर बाबा महादेवशाल धाम में सोमवार को हजारों भक्तों ने जलाभिषेक किया. इस दरम्यान पूरा धाम बोल बम के जयघोष से गुंजायमान रहा. पूर्व निर्धारित समयानुसार बाबा महादेव के गर्भ गृह को प्रात: 5 बजे ही भक्तों के लिए खोल दिया गया. लेकिन ट्रेनों का समय अंतराल पर […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
गोइलकेरा : श्रावण माह की पहली सोमवारी पर बाबा महादेवशाल धाम में सोमवार को हजारों भक्तों ने जलाभिषेक किया. इस दरम्यान पूरा धाम बोल बम के जयघोष से गुंजायमान रहा. पूर्व निर्धारित समयानुसार बाबा महादेव के गर्भ गृह को प्रात: 5 बजे ही भक्तों के लिए खोल दिया गया. लेकिन ट्रेनों का समय अंतराल पर होने के कारण भक्तों की भीड़ बढ़ती घटती रही.
पहली सोमवारी को लेकर प्रशासन की ओर से महिला व पुरुष पुलिस बल की मुकम्मल व्यवस्था की गयी थी. भोले बाबा की भजनों पर कांवरियों को थिरकते हुए देखा गया. मेले में इस बार प्रसाद के करीब 85 दुकान, मनिहारी, होटल, मिठाई, गोलगप्पे, पान की दुकान आदि लगाये गये थे. बच्चों के लिए झूले की भी व्यवस्था थी.
धाम में थी पूर्ण व्यवस्था: बाबा महादेवशाल धाम में पहली सोमवारी को त्रिवेणी कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से पानी के टैंकर उपलब्ध कराये गये थे. आठ आठ घंटे की शिडयुल पर दंडाधिकारी भी सशरीर उपस्थित थे.
सुरक्षा की थी व्यवस्था : महादेवशाल धाम में पहली सोमवारी को पुलिस प्रशासन ने मुक्कमल पुलिस बल तैनात कर रखा था. सुरक्षा को लेकर आइआरबी, सीआरपीएफ, आरपीएफ व जिला पुलिस बल को लगाया गया था.
रेल की थी मुकम्मल व्यवस्था:
रेलवे की ओर से भी मुकम्मल व्यवस्था की गयी थी. रेल ट्रैक के दोनों ओर करीब आठ आरपीएफ व गैंगमैनों की प्रतिनियुक्ति की गयी थी.
विश्व कल्याण आश्रम में चरण पादुका की पूजा : आनंदपुर. सावन की शुरुआत होने के साथ ही प्रखंड के शिवालयों में पहली सोमवारी को भीड़ उमड़ी. प्रखंड के आनंदपुर, वनशक्ति, विश्व कल्याण आश्रम के शिव मंदिर में महिला व पुरुष भक्तों ने शिवलिंग पर जल व दूध चढ़ाया और पूजा अर्चना की. विश्व कल्याण आश्रम में गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आश्रम प्रभारी ब्रह्मचारी कैवल्यानंद जी ने शंकरचार्य स्वामी स्वरूपानंद जी सरस्वती के चरण पादुका की विशेष पूजा अर्चना की साथ ही भगवती का विशेष श्रृंगार व पूजन किया. इस दौरान ब्रह्मचारी राधिकानंद जी, कारण राठौर, केवल प्रसाद राजोरिया सहित श्रद्धालु मौजूद थे.
सोनुवा से कांवरियों का जत्था देवघर रवाना: सोनुवा से कांवरियों का जत्था सोमवार की सुबह देवघर रवाना हुआ. पूर्व विधायक गुरुचरण नायक ने कांवरियों के जत्था को रवाना किया.
श्रीश्री शीतला मंदिर कांवरियां संघ देवघर रवाना: चक्रधरपुर. श्रीश्री शीतला मंदिर कांवरियां संघ के सदस्य सोमवार को बाबा भोलेनाथ को जलाभिषेक करने के लिए देवघर रवाना हुए.