सीएम से सुदेश का सवाल - क्या आप अपने पिता के सपनों का झारखंड चला रहे हैं?

आजसू के राज्यस्तरीय युवा अधिवेशन में सुदेश महतो ने हेमंत सोरेन सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने पिता के सपनों के झारखंड चलाने के सवाल के साथ-साथ JPSC, JSSC, और नौकरियों पर भी सरकार को घेरा.

जमशेदपुर | कदमा के गणेश पूजा मैदान में शनिवार को आजसू के राज्यस्तरीय युवा अधिवेशन में सियासी तेवर तल्ख नजर आए. केंद्रीय अध्यक्ष सह पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने सीएम हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा - विरासत के बल पर सत्ता हासिल की जा सकती है, लेकिन विरासत से मेहनत, मूल्य और सिद्धांत नहीं मिलते. उन्होंने सीएम से सवाल किया कि क्या आप अपने पिता के सपनों का झारखंड चला रहे हैं? कहा कि निर्मल महतो और दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने शोषणविहीन और न्यायपूर्ण झारखंड का सपना देखा था, लेकिन वर्तमान सरकार के कामकाज में वह सपना दिखाई नहीं देता.

झारखंडी भावना से जुड़े लोग खुद को ठगा महसूस कर रहे

उन्होंने कहा कि राज्य की विडंबना है कि सत्ता की बागडोर ऐसे लोगों के हाथों में पहुंच गयी है, जिन्होंने झारखंड आंदोलन में कभी एक बूंद पसीना तक नहीं बहाया. इससे झारखंडी भावना से जुड़े लोग खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं।

निर्मल महतो को श्रद्धांजलि देकर युवा अधिवेशन में पहुंचे सुदेश

युवा अधिवेशन से पहले सुदेश महतो ने शहीद निर्मल महतो के शहादत दिवस पर बिष्टुपुर स्थित चमरिया गेस्ट हाउस के समीप उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी. इसके बाद कदमा उलियान स्थित निर्मल महतो के समाधि स्थल पर पहुंचकर पुष्प अर्पित किया और उनके परिवार का कुशलक्षेम जाना. उन्होंने कहा - आजसू पार्टी युवाओं को केवल कार्यकर्ता नहीं, बल्कि भविष्य का नेतृत्व मानती है. पार्टी युवाओं को तैयार करने और उन्हें नेतृत्व के अवसर देने का काम कर रही है.

JPSC-JSSC पर भी सरकार को घेरा, CBI जांच की मांग

सुदेश महतो ने JPSC और JSSC को लेकर भी सरकार पर हमला बोला. उन्होंने दोनों आयोगों में पदस्थ अध्यक्षों और सदस्यों को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की. साथ ही संबंधित पदाधिकारियों के खिलाफ निष्पक्ष CBI जांच कराने की मांग रखी. उन्होंने कहा कि यदि सरकार खुद को ईमानदार मानती है, तो उसे पहले इन पदाधिकारियों पर कार्रवाई करनी चाहिए और सीबीआई जांच की मांग स्वीकार करनी चाहिए.

‘कोयला, गिट्टी और बालू से लेकर नौकरियों तक की लूट’ का आरोप

प्राकृतिक संसाधनों को लेकर सुदेश महतो ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा - कोयला, गिट्टी और बालू से लेकर सरकारी पदों और नौकरियों तक को बिक्री केंद्र में तब्दील कर दिया गया है. उनका आरोप था कि सरकारी संरक्षण में राज्य के प्राकृतिक संसाधनों का दुरुपयोग हो रहा है. उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने से व्यवस्था पर लोगों का भरोसा कमजोर हो रहा है.

25 लाख नौकरियों और बेरोजगारी भत्ते के वादे पर साधा निशाना

सुदेश महतो ने युवाओं से जुड़े चुनावी वादों को लेकर भी सरकार को घेरा. आरोप लगाया कि पिछले सात वर्षों से 25 लाख नौकरियों और 5,000 व 7,000 रुपये के बेरोजगारी भत्ते के नाम पर युवाओं को छलने का काम किया जा रहा है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि युवाओं के साथ छलावा बंद नहीं हुआ तो आजसू की छात्र और युवा इकाई पूरे प्रदेश में आंदोलन खड़ा करेगी. उन्होंने कहा कि गांव-गांव से युवाओं को जोड़कर व्यापक राज्यव्यापी आंदोलन किया जाएगा.

आंदोलनकारी झामुमो नेता कान्हू सामंत आजसू में शामिल

अधिवेशन के दौरान आंदोलनकारी झामुमो नेता कान्हू सामंत ने आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की. इस मौके पर प्रधान प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, पूर्व मंत्री लंबोदर महतो, विधायक तिवारी महतो, रामचंद्र सहिस, छूटनी महतो, संजय मेहता, चंद्रगुप्त सिंह, कन्हैया सिंह, अप्पू तिवारी समेत पार्टी के कई नेता और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे.



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अशोक झा

अशोक कुमार झा प्रभात खबर जमशेदपुर में वरीय संवाददाता के पद पर कार्यरत हैं. हिंदी पत्रकारिता के क्षेत्र में इनके पास 20 वर्षों से अधिक का एक लंबा, समृद्ध और विविधतापूर्ण अनुभव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >