सिमडेगा. जिला कांग्रेस कार्यालय में सोमवार को शिकायत निवारण कार्य दिवस के तहत जिला कांग्रेस की बैठक जिलाध्यक्ष सह विधायक भूषण बाड़ा की अध्यक्षता में हुई. बैठक में आम जनता की समस्याओं, संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गयी. बैठक नवनियुक्त जिला प्रभारी डॉ अजय शाहदेव भी उपस्थित थे. उनका विधायक समेत अन्य कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया. विधायक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा जनता की आवाज को मजबूती से उठाने का काम करती रही है. कहा कि शिकायत निवारण कार्य दिवस का उद्देश्य लोगों की समस्याओं को सीधे सुनना और उसके समाधान के लिए संबंधित विभागों तक मजबूती से बात पहुंचाना है. कहा कि गांव-गांव में आज भी सड़क, बिजली, पानी, राशन, पेंशन, स्वास्थ्य एवं शिक्षा जैसी मूलभूत समस्याएं मौजूद हैं और कांग्रेस पार्टी इन मुद्दों को गंभीरता से उठाने का कार्य कर रही है. भूषण बाड़ा ने कहा कि कार्यकर्ताओं को जनता व संगठन के बीच सेतु बन कर काम करना होगा. कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता आमलोगों की समस्याओं को अपनी समस्या समझे और जरूरतमंदों की सहायता के लिए हमेशा आगे रहें. कहा कि आज जनता महंगाई, बेरोजगारी व विभिन्न सरकारी योजनाओं में हो रही परेशानियों से जूझ रही है. ऐसे समय में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है. उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा लोगों के बीच लगातार सक्रिय रहने का आह्वान किया. जिला प्रभारी डॉ अजय शाहदेव ने अपने संबोधन में कहा कि कांग्रेस पार्टी देश की सबसे पुरानी और जनभावनाओं से जुड़ी पार्टी है.पार्टी का उद्देश्य केवल राजनीति करना नहीं बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय पहुंचाना है. शिकायत निवारण कार्य दिवस इस सोच का हिस्सा है, ताकि आमलोग अपनी समस्याओं को खुल कर रख सकें और संगठन उनकी आवाज बन सके. कहा कि आज समाज में भाईचारा, सामाजिक एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने की जरूरत है. कहा कि संगठन तभी मजबूत होगा, जब कार्यकर्ता सक्रिय रहेंगे और जनता के सुख-दुख में सहभागी बनेंगे. मौके पर महिला जिलाध्यक्ष सह जिप सदस्य जोसिमा खाखा, जिला कार्यकारी अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि संतोष कुमार सिंह, जिला कार्यकारी अध्यक्ष अख्तर खान, जिला प्रवक्ता रणधीर रंजन, सेवा दल संगठन अध्यक्ष सह जिला महासचिव सामरोम पॉल तोपनो, जिला उपाध्यक्ष बिपिन तिग्गा, प्रखंड अध्यक्ष अजीत लकड़ा, प्रखंड अध्यक्ष नोवेल मिंज, प्रखंड अध्यक्ष सिलबेस्टर बघवार, नगर अध्यक्ष अरशद हुसैन, जिला महासचिव शकील अहमद, सलमान खान, बिपिन पंकज मिंज, मीडिया प्रभारी तनवीर अहमद, महासचिव मनोज जायसवाल, सांसद प्रतिनिधि अशोक तिर्की, शीतल तिर्की, शहजाद अंसारी, जिला उपाध्यक्ष सुरेश द्विवेदी आदि मौजूद थे.
कार्यकर्ता जनता की समस्याओं को अपनी समस्या समझें : विधायक
शिकायत निवारण कार्य दिवस के तहत जिला कांग्रेस की बैठक
