घर में घुसा अनियंत्रित ट्रक, अधेड़ की मौत

मुआवजा की मांग को लेकर डेढ़ घंटे तक जाम रहा रांची व नेतरहाट मार्ग

बिशुनपुर. बिशुनपुर थाना अंतर्गत रेहेटोली गांव में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हुआ. एक अनियंत्रित बॉक्साइट लदे ट्रक ने सड़क किनारे स्थित घर में घुस गयी. इस दुर्घटना में घर के बाहर बैठे 58 वर्षीय टेपना महली की मौके पर ही मौत हो गयी. घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रख कर रांची-नेतरहाट मुख्य मार्ग को करीब डेढ़ घंटे तक जाम रखा. जानकारी के अनुसार बॉक्साइट लदा ट्रक घाघरा से बिशुनपुर की ओर आ रहा था. रेहे टोली गांव के समीप ट्रक ने पहले एक स्कूटी सवार को हल्की टक्कर मारी, जिसके बाद चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया. तेज रफ्तार ट्रक बिजली के पोल को तोड़ते हुए सीधे सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसा. इस दौरान वहां मौजूद कई बच्चे भाग कर अपनी जान बचाने में सफल रहे. लेकिन टेपना महली इसकी चपेट में आ गये. दुर्घटना के बाद अफरा-तफरी मच गयी और ग्रामीणों ने तत्काल मुआवजा व स्पीड ब्रेकर निर्माण की मांग को लेकर सड़क जाम कर दी, जिससे मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गयी. सूचना मिलने पर बिशुनपुर पुलिस और प्रभारी अंचलाधिकारी खाखा सुशील कुमार मौके पर पहुंचे. अंचलाधिकारी ने सरकारी सहायता राशि दिलाने का आश्वासन दिया, जबकि बिशुनपुर पुलिस ने पीड़ित परिवार को तत्काल 10 हजार रुपये की नकद सहायता राशि प्रदान की. इसके बाद शाम करीब चार बजे जाम समाप्त हुआ और पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में लेकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >