साइबर ठगी मामले के दो आरोपी गिरफ्तार
साइबर ठगी मामले के दो आरोपी गिरफ्तार
सिमडेगा. पुलिस ने साइबर ठगी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पाकरटांड़ थाना कांड संख्या-11/26 में दो प्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है. गिरफ्तार अभियुक्तों में सत्येंद्र सिंह (पिता- रमेश सिंह, निवासी कोबांग ढवठाडामर, थाना पाकरटांड, जिला सिमडेगा) व अमित कुमार (पिता- शिवजी राम, स्थायी पता बाघी, थाना मनिहारी, जिला मुजफ्फरपुर (बिहार), वर्तमान पता थानाटोली. शामिल हैं. इस मामले में बीएनएस की विभिन्न धाराओं वआईटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज है. पुलिस को प्रतिबिंब ऐप के माध्यम से संदिग्ध मोबाइल नंबर 9508371455 की जानकारी मिली थी. सत्यापन के दौरान गिरफ्तार अभियुक्त सत्येंद्र सिंह ने पुलिस को बताया कि अमित कुमार ने उसे सिम कार्ड और एटीएम कार्ड उपलब्ध कराने के लिए कहा था. इसके बदले उसे प्रतिमाह पांच से सात हजार रुपये देने का लालच दिया गया था. लालच में आकर सत्येंद्र सिंह ने जनवरी में अपना जियो सिम कार्ड और बैंक ऑफ इंडिया का एटीएम कार्ड अमित कुमार को दे दिया. इसके बाद वह आसपास के गांवों से भी लोगों के सिम और एटीएम कार्ड जुटाने का काम करने लगा. जांच में यह भी सामने आया कि सत्येंद्र सिंह द्वारा उपलब्ध कराये गये सिम कार्ड और एटीएम कार्ड को सिमडेगा स्थित राम जानकी मंदिर गली के एक डीटीडीसी कुरियर दुकान से फर्जी नाम राजू कुमार सिंह के जरिये राहुल कुमार, रेलवे स्टेशन जामताड़ा के पते पर भेजा गया था. एसडीपीओ धर्मदेव पासवान ने बताया कि इन सिम और एटीएम कार्ड का इस्तेमाल साइबर ठगी में किया जाता था. मामले में आगे की जांच जारी है. छापेमारी दल में पुअनि प्रदीप कुमार, थाना प्रभारी पाकरटांड, पुअनि उपेंद्र रविदास, थाना सशस्त्र बल शामिल थे.