प्राकृतिक सौंदर्य देख मंत्रमुग्ध हुए पर्यटक

जिले में धूमधाम से मनाया नया साल का जश्न, केलाघाघ डैम में उमड़ी सैलानियों की भीड़

सिमडेगा. नववर्ष के पहले दिन शहरी क्षेत्र स्थित केलाघाघ डैम में सैलानियों की भीड़ उमड़ी. शहरी क्षेत्र से लगभग तीन किमी की दूरी पर स्थित यह डैम अपने मनोहारी प्राकृतिक सौंदर्य के लिए प्रसिद्ध है. दो ऊंची पहाड़ियों के बीच बना डैम, उसके ऊपर से गिरता पानी और परिसर में दूर तक फैली झील सैलानियों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र बनी रही. नये साल में केलाघाघ डैम में बोटिंग की सुविधा भी उपलब्ध करायी गयी, जिसका सैलानियों ने भरपूर आनंद लिया. बड़ी संख्या में लोग झील में बोटिंग करते नजर आये और इस यादगार पल को मोबाइल कैमरों में कैद करते दिखे. बोटिंग के दौरान कई सैलानियों ने सेल्फी भी ली. बोटिंग के लिए प्रति व्यक्ति 100 रुपये का टिकट निर्धारित किया गया था. इधर, इस बार केलाघाघ डैम में पहली बार बाइक व चार पहिया वाहनों की इंट्री पर बैरिकेडिंग लगा कर शुल्क वसूली गयी. बैरिकेडिंग के जरिये युवकों द्वारा हजारों रुपये की वसूली किये जाने की चर्चा पूरे दिन होती रही, जो स्थानीय लोगों और सैलानियों के बीच चर्चा का विषय बना रहा. सुरक्षा के दृष्टिकोण से केलाघाट डैम परिसर में केलाघाट टीओपी के अलावा शहरी क्षेत्र से भी महिला एवं पुरुष पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. पुलिस बल लगातार सुरक्षा व्यवस्था पर नजर बनाये थे. साथ ही किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचाव के लिए डैम परिसर में वाहनों के प्रवेश पर रोक लगायी गयी थी.

पिकनिक का उठाया आनंद

डैम परिसर में नहर, जंगलों व पहाड़ों की तलहटी में दूर-दूर से आये सैलानी पिकनिक का आनंद लेते नजर आये. कई स्थानों पर परिवार और मित्र समूह खाना बनाते हुए दिखायी दिये. वहीं डैम के नीचे झील के पास बड़ी संख्या में लोग सेल्फी और फोटोग्राफी करते दिखे. बच्चों से लेकर युवाओं और बुजुर्गों तक में उत्साह देखने को मिला.

मंदिरों में लोगों ने की पूजा-अर्चना

नववर्ष पर डैम परिसर में स्थित भगवान शिव, भगवान सूर्य, संतोषी माता व राधे-श्याम मंदिर में भी श्रद्धालुओं की अच्छी खासी भीड़ रही. लोगों ने पूजा-अर्चना कर नये साल की सुख-समृद्धि की कामना की. परिसर में खिलौनों के साथ-साथ खाने-पीने की दुकानों की अस्थायी व्यवस्था भी की गयी थी. सैलानियों को चाट-फुचका का आनंद लेते हुए देखा गया.

नागपुरी गीतों पर झूमे लोग

पिकनिक के दौरान भोजन करने के बाद कई स्थानों पर सैलानी नागपुरी गीतों की धुन पर झूमते और थिरकते नजर आये. परंपरागत नागपुरी नृत्य प्रस्तुत कर लोगों ने हर्षोल्लास के साथ नये वर्ष का स्वागत किया. कुल मिला कर केलाघाघ डैम में प्राकृतिक सौंदर्य, मनोरंजन और सांस्कृतिक रंगों के संग नये साल का उत्सव मनाया गया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >