आज का परिश्रम कल की सफलता का आधार बनेगा : प्रधानाध्यापक
आज का परिश्रम कल की सफलता का आधार बनेगा : प्रधानाध्यापक
बानो. विवेकानंद शिशु विद्या मंदिर उवि में कक्षा दशम के विद्यार्थियों, अभिभावकों व आचार्यों की बैठक हुई. अध्यक्षता अभिभावक फुलेश्वर नायक ने की. बैठक का उद्देश्य कक्षा दशम के विद्यार्थियों को आगामी बोर्ड परीक्षा के प्रति जागरूक, अनुशासित व आत्मविश्वासी बनाना था. प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि दशम कक्षा केवल एक परीक्षा नहीं, बल्कि जीवन की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण पड़ाव है. आज का परिश्रम ही आने वाले कल की सफलता का आधार बनेगा. विद्यार्थी यदि नियमित अध्ययन, स्वाध्याय और अनुशासित दिनचर्या को अपनाये, तो कोई लक्ष्य कठिन नहीं होता. उन्होंने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन समेत अन्य अनावश्यक आकर्षणों से दूर रह कर अपने समय का सदुपयोग करने की बात कही. कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता. प्रतिदिन थोड़ी थोड़ी मेहनत ही बड़े परिणाम देती है. कहा कि माता-पिता का सम्मान, गुरुजनों का मार्गदर्शन और स्वयं पर विश्वास ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है. प्रधानाचार्य ने अभिभावकों से भी आग्रह किया कि वह बच्चों पर अनावश्यक दबाव न डालें, बल्कि उन्हें सकारात्मक वातावरण, प्रोत्साहन एवं सहयोग प्रदान करें. बैठक में यह निर्णय लिया गया कि विद्यार्थियों की बेहतर तैयारी व उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम के लिए नियमित अतिरिक्त कक्षाओं का संचालन किया जायेगा. फुलेश्वर नायक ने कहा कि हम अभिभावकों का सहयोग बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं. संचालन आचार्य प्रमोद पाणिग्राही ने किया. धन्यवाद ज्ञापन प्रधानाचार्य राजेंद्र साहू ने किया.