सिमडेगा जिले की तीन पंचायतों को मिला सम्मान
सिमडेगा जिले की तीन पंचायतों को मिला सम्मान
सिमडेगा. झारखंड सरकार द्वारा ग्रामीण विकास और पंचायती राज व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित समारोह में सिमडेगा जिले की कोचेडेगा, जोकबहार और बंबलकेरा ग्राम पंचायतों को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है. इन पंचायतों को उनके उत्कृष्ट कार्यों और विकास के मानकों पर खरा उतरने के लिए सम्मानित किया गया. कोचेडेगा और जोकबहार पंचायतों को मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार के अंतर्गत उत्कृष्ट पंचायत का खिताब दिया गया, जबकि बंबलकेरा पंचायत को ग्राम सभा पुरस्कार योजना के तहत सम्मानित किया गया. दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल स्तरीय मुखिया सम्मेलन के दौरान आयोजित इस कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधियों को मुख्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया. पुरस्कार स्वरूप कोचेडेगा और जोकबहार पंचायत को 10-10 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि का चेक, प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र प्रदान किया गया. वहीं बंबलकेरा पंचायत को चार लाख रुपये का चेक दिया गया. इन पंचायतों को यह सम्मान शिक्षा, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और सरकारी योजनाओं को सफलतापूर्वक जमीन पर उतारने के लिए दिया गया है. कार्यक्रम के दौरान मंच पर उपस्थित अतिथियों ने पंचायत प्रतिनिधियों के कार्यों की सराहना की. इस उपलब्धि से संबंधित पंचायतों के ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों में काफी उत्साह देखा गया. पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि यह सम्मान पूरे गांव की सामूहिक मेहनत का परिणाम है.