सब जूनियर हॉकी कैंप के लिए सिमडेगा की तीन बेटियां भोपाल रवाना

सब जूनियर हॉकी कैंप के लिए सिमडेगा की तीन बेटियां भोपाल रवाना

सिमडेगा. जिले के लिए गर्व की बात है कि सब जूनियर भारतीय महिला हॉकी टीम के कोचिंग कैंप के लिए सिमडेगा की तीन खिलाड़ियों का चयन हुआ है. इनमें पुष्पा मांझी, संदीपा कुमारी और प्रीति बिलुंग शामिल हैं. बताया गया कि 19 से 25 अप्रैल तक भोपाल स्थित साई सेंटर में आयोजित होने वाले इस कैंप में भाग लेने के लिए पुष्पा मांझी व संदीपा कुमारी शुक्रवार को सिमडेगा से रवाना हो गयीं. जबकि प्रीति विलुंग रांची से रवाना हुई. यह कैंप 29 मई से छह जून तक जापान के काकामीगाहारा में होने वाले अंडर-18 एशिया कप की तैयारी के लिए आयोजित किया जा रहा है. पुष्पा मांझी कुरडेग प्रखंड के आसनबेड़ा कुसुमटोली की रहने वाली हैं, जबकि संदीपा कुमारी केरसई प्रखंड के करंगागुड़ी नवाटोली की निवासी हैं. वहीं प्रीति बिलुंग भी केरसई प्रखंड के किनकेल चौरातांध की रहने वाली हैं. हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने शुभकामनाएं देते हुए खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया.

नियम नहीं मानने वालों पर होगी कार्रवाई

सिमडेगा. उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में निजी विद्यालयों में शुल्क निर्धारण को लेकर जिला स्तरीय समिति की बैठक हुई. बैठक में निजी स्कूलों द्वारा मनमाने ढंग से फीस बढ़ाने के मामलों पर विस्तार से चर्चा हुई. उपायुक्त ने कहा कि शुल्क निर्धारण के लिए समिति का गठन लगभग दो वर्ष पूर्व किया गया था और इसकी नियमित समीक्षा आवश्यक है. उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जो विद्यालय निर्धारित नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं, उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाये. जिला शिक्षा अधीक्षक ने जानकारी दी कि जिले के करीब 58 निजी विद्यालयों ने फीस में बढ़ोतरी की है. इस पर उपायुक्त ने समिति को निर्देश दिया कि सभी संबंधित विद्यालयों को नोटिस जारी कर शुल्क वृद्धि के संबंध में स्पष्ट जानकारी ली जाये. साथ ही जिन विद्यालयों ने दिशा-निर्देशों और नियमों का पालन नहीं किया है, उनके खिलाफ सख्त कदम उठाये जायें. बैठक में समिति के सदस्य के रूप में सेंट जोंस स्कूल और सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के प्रतिनिधि, दो छात्रों के अभिभावक, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, जिला परिवहन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >