जलडेगा. जलडेगा प्रखंड के लमडेगा गांव में विराट हिंदू सम्मेलन सह सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन किया गया. इसमें हजारों की संख्या में सनातन धर्मावलंबियों ने भाग लिया, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा. कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, ॐ और मां सरस्वती की तस्वीरों के समक्ष दीप प्रज्वलन और पूजा-अर्चना के साथ किया गया. इस अवसर पर परम पूज्य 1008 श्री अखंड दास जी महाराज, रामरेखा बाबा, विरेंद्र विमल (धर्माचार्य एवं संपर्क प्रमुख, विहिप पटना-गुवाहाटी), विहिप जिलाध्यक्ष कौशल राज सिंह देव, आरएसएस गुमला के प्रतिनिधि, समाजसेवी शिव प्रताप सिंह समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित थे. अतिथियों का स्वागत पारंपरिक रीति-रिवाजों के तहत मंगलाचरण, माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर किया गया. स्वागत भाषण में कमलेश सिंह ने सभी अतिथियों एवं श्रद्धालुओं का अभिनंदन किया. इसके बाद वक्ताओं ने हिंदू समाज की एकता, धर्म-संस्कृति के संरक्षण और सामाजिक समरसता पर अपने विचार रखे. विहिप जिलाध्यक्ष कौशल राज सिंहदेव ने कहा कि वर्तमान समय में हिंदू समाज को तोड़ने के प्रयास हो रहे हैं, ऐसे में एकजुट रहना आवश्यक है. धर्माचार्य विरेंद्र विमल ने कहा कि सनातन धर्म अनादि काल से चला आ रहा है और सृष्टि के साथ ही अस्तित्व में है. उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा को सच्चा सनातनी बताते हुए उनके बलिदान को याद किया तथा धर्मांतरण के मुद्दे पर सतर्क रहने की अपील की. रामरेखा बाबा और अखंड दास जी महाराज ने राम नाम को कलियुग का सबसे बड़ा आधार बताते हुए भक्ति और अच्छे कर्मों के महत्व पर प्रकाश डाला. कार्यक्रम के दौरान नागपुरी कलाकार जगदीश बड़ाइक द्वारा प्रस्तुत भक्ति गीतों और परबा कीर्तन मंडलियों के भजनों ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया. अंत में हजारों श्रद्धालुओं ने एक साथ सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया. कार्यक्रम का मंच संचालन संदीप नाग ने किया, जबकि समापन चंद्रमा देवी के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ मौके पर अघना खड़िया, विमला देवी, अमरदीप नाग, अमित गोयल, राजू साहु, सुबास साहु, सुबोध महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे.
हजारों भक्तों ने एक साथ किया हनुमान चालीसा का पाठ
विराट हिंदू सम्मेलन और सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन
