यह सम्मेलन हिन्दू समाज की एकता का प्रतीक है : उमाकांत जी महाराज

कुरडेग स्थित माइकल किंडो स्टेडियम में रविवार को विराट हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया

कुरडेग. कुरडेग स्थित माइकल किंडो स्टेडियम में रविवार को विराट हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया. सम्मेलन में कुरडेग प्रखंड के सभी पंचायत के सनातनी हिन्दू परिवारों ने हजारों की संख्या में भाग लिया. सम्मेलन में रामरेखा धाम के महंत उमाकांत जी महाराज, जशपुर राज घराने के युवराज विक्रम आदित्य सिंह जूदेव , राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख अजय कुमार, विश्व हिन्दू परिसद के जिला अध्यक्ष कौशल राज सिंह देव मुख्य रूप से उपस्थित थे. कार्यक्रम की शुरुआत भारत माता की चित्र पर पुष्प अर्पित एवं सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के साथ की गयी .सम्मेलन में उमाकांत जी महाराज ने कहा कि समाज में धर्म, एकता और संस्कृति को बचा के रखना है. अपने बच्चों को संस्कारी बनायें. यह सम्मेलन हिन्दू समाज की एकता और जागरूकता का प्रतीक है. आज समय की आवश्यकता है कि हम सभी अपनी धर्म संस्कृति और परंपराओं को बचाने के लिए संगठित होकर आगे बढ़ें. विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष कौशल राज सिंह देव ने कहा कि समाज को कमजोर करने और उसकी परंपराओं पर प्रहार करने के लिए कई प्रकार के प्रयास किये जा रहे हैं. हमारे गांव की रूढ़िवादी परम्परा रीति रिवाज ही धर्म समाज की पहचान है. इसलिए हमें जागरूक रहकर रूढ़िवादी प्रथा को समाप्त करने का प्रयास करने वाले का विरोध करना चाहिए. हम नदी, पर्वत, सूर्य पेड़ पौधे की पूजा करते हैं. यही सनातन की पहचान है. उन्होंने भगवान श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेने की बात कही और कहा कि जिस प्रकार भगवान श्रीराम ने एक आदर्श पुत्र, पति और राजा के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया, उसी प्रकार हमें भी अपने जीवन में आदर्शों का पालन करना चाहिए. उन्होंने माता शबरी के जीवन चरित्र का उल्लेख करते हुए सामाजिक भेदभाव को समाप्त करने और समाज में समरसता स्थापित करने का संदेश दिया. हिन्दू समाज सदैव से संस्कारी और सहिष्णु रहा है वहीं जशपुर के राजकुमार विक्रमादित्य सिंह जूदेव ने कहा कि हिन्दू समाज सदैव से संस्कारी और सहिष्णु रहा है तथा सभी धर्मों का सम्मान करता है. लेकिन यदि कोई हमारे धर्म और संस्कृति पर आघात करने का प्रयास करेगा तो हिन्दू समाज उसका मुंहतोड़ जवाब देने में भी सक्षम है. उन्होंने कहा कि हमें संगठित होकर समाज में फैली कुरीतियों, अंधविश्वास और समाज को बांटने वाली ताकतों के खिलाफ मजबूती से खड़ा होना होगा. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अजय कुमार ने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज को जागरूक करने और एकजुट करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के एक सौ वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर रहा है. जिससे समाज में राष्ट्रीयता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत किया जा सके. कार्यक्रम के दौरान विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से आए समाज के वरिष्ठ प्रतिनिधियों, गांवों के पहान, पुजारी और बैगा को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया. कार्यक्रम का संचालन सूरज कुमार बीसी ने किया. धन्यवाद ज्ञापन सुशील श्रीवास्तव ने किया. इस मौके पर सभी लोगों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया. कार्यक्रम को सफल बनाने में श्रवण बड़ाईक, उमेश जायसवाल सहित सभी पंचायत के प्रभारियों और सनातनियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभायी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Vikash nath

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >