बानो. विधायक सुदीप गुड़िया के निर्देश पर बानो प्रखंड अंतर्गत कनारावां पंचायत के पहाड़टोली गांव में छह वर्षों से बीमार दिव्यांग महिला विश्वासी सिंदुरिया के घर बानो की मेडिकल टीम पहुंची. टीम ने महिला का प्राथमिक उपचार करते हुए समुचित इलाज व सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिलाया. जानकारी के अनुसार कनारावां पहाड़टोली निवासी लगभग 53 वर्षीय विश्वासी सिंदुरिया पिछले छह वर्षों से गंभीर बीमारी से ग्रसित हो कर बिस्तर पर पड़ी है. आर्थिक तंगी व उचित इलाज के अभाव में उनकी स्थिति लगातार बिगड़ती चली गयी. उसके पति फिलमोहन सिंदुरिया ने बताया कि वर्ष 2020 में टाटी बाजार से लौटने के दौरान वह सड़क पर गिर कर घायल हो गयी थी. इसके बाद धीरे-धीरे उसके हाथ-पैर ने काम करना बंद कर दिया और अब वह पूरी तरह चलने-फिरने में असमर्थ हैं. परिजनों ने बताया कि इलाज के लिए कई अस्पतालों के चक्कर लगाया और घरेलू उपचार भी किये गये, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण बेहतर इलाज संभव नहीं हो सका. उन्होंने बताया कि अब तक उन्हें किसी प्रकार की सरकारी सहायता नहीं मिली है. विधायक प्रतिनिधि तनवीर हुसैन और जगदीश बागे के माध्यम से विधायक सुदीप गुड़िया तक जानकारी पहुंचायी गयी. सूचना मिलते तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया ने प्रभारी स्वास्थ्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मनोरंजन कुमार को तत्काल समुचित इलाज की व्यवस्था करने का निर्देश दिया था. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मनोरंजन कुमार मेडिकल टीम के साथ बीमार महिला के घर पहुंचे. डॉ मनोरंजन कुमार ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग जल्द ही महिला का दिव्यांगता प्रमाण पत्र और आयुष्मान कार्ड उपलब्ध करायेगा. साथ ही बीडीओ से समन्वय कर ट्राई साइकिल उपलब्ध कराने की भी पहल की जायेगी. साथ ही जल्द इलाज के लिए सदर अस्पताल सिमडेगा ले जाया जाएगा. मौके पर विधायक प्रतिनिधि तनवीर हुसैन, जगदीश बागे,कनारोवां मुखिया मिंसी लीना तिर्की, विकास मघैया, ड्रेसर प्रेमिका कुमारी,अक्षय कुमार उपस्थित थे.
मेडिकल टीम ने बीमार दिव्यांग महिला के घर पहुंच किया प्राथमिक उपचार
समुचित इलाज व सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का दिया आश्वासन
