तीन लाख में बेच दी गयी थी युवती, राजस्थान से बच्चे समेत सकुशल बरामद

सिमडेगा पुलिस की एसआइटी ने बाड़मेर में की कार्रवाई, परिजनों ने जताया आभार

सिमडेगा. कुरडेग थाना क्षेत्र के जोरवा गांव निवासी विनीता लकड़ा ने पुलिस को दिये लिखित आवेदन में बताया था कि वर्ष 2023 में उनकी बेटी को एक व्यक्ति बहला-फुसलाकर दिल्ली ले गया था और बाद में कहीं बेच दिया गया. काफी खोजबीन के बाद भी युवती का कोई सुराग नहीं मिल पाया था. मामले को गंभीरता से लेते हुए एएचटीयू थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी. कांड के अनुसंधान के दौरान पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली कि पीड़िता राजस्थान के बाड़मेर में रह रही है. सूचना के आधार पर एसपी के निर्देश पर वरीय पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय), सिमडेगा के नेतृत्व में एक एसआइटी टीम का गठन किया गया. गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए राजस्थान पहुंच कर पीड़िता को उसके बच्चे के साथ सुरक्षित बरामद कर लिया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद युवती को सकुशल उसके परिजनों को सौंप दिया गया. इस सफल कार्रवाई के बाद परिजनों ने सिमडेगा पुलिस के प्रति आभार जताया. वहीं पुलिस ने कहा कि मानव तस्करी जैसे मामलों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जायेगी. इधर पीड़िता ने बताया कि उसे तीन लाख रुपये में बेच दिया गया था. उसने आरोप लगाया कि उसके साथ लगातार मारपीट की जाती थी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >