सिमडेगा. विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जिले में तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से समाहरणालय परिसर से उपविकास आयुक्त दीपांकर चौधरी ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया. उपविकास आयुक्त ने कहा कि तंबाकू का सेवन स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है. यह कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की गंभीर बीमारियों सहित अनेक असाध्य रोगों का प्रमुख कारण है. उन्होंने लोगों से तंबाकू उत्पादों से दूर रहने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की. उन्होंने बताया कि जागरूकता रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों व ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर तंबाकू सेवन से होनेवाले नुकसान, इसके दुष्प्रभावों तथा बचाव के उपायों की जानकारी देगा. साथ ही लोगों को तंबाकू छोड़ने के लिए प्रेरित किया जायेगा. राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत यह विशेष जन जागरूकता अभियान 26 जून 2026 तक संचालित किया जायेगा. अभियान के दौरान जिले भर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, प्रचार-प्रसार गतिविधियां, शपथ ग्रहण, रैलियां और संवाद कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे, ताकि तंबाकू मुक्त व स्वस्थ समाज के निर्माण के लक्ष्य को मजबूत किया जा सके.
एसआइआर को लेकर की बैठक
कोलेबिरा. प्रखंड कार्यालय में एसआइआर के सफल क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को सभी पर्यवेक्षकों व बीएलओ की बैठक हुई. अध्यक्षता प्रखंड निर्वाचन प्रभारी गुरुचरण महतो ने की. निर्वाचन प्रभारी ने बीएलओ को अनमैप मतदाता सूची में एएसडी को चिह्नित कर शेष बचे मतदाताओं की मैपिंग यथाशीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया. उन्होंने एसआइआर की समय-सारिणी विस्तार से समझाते हुए बताया कि निर्धारित तिथियों में कौन-सी गतिविधियां करनी हैं. सभी बीएलओ को अपने-अपने क्षेत्र के अनमैप मतदाताओं की सूची तैयार कर अगली बैठक में प्रस्तुत करने को कहा गया, ताकि शत-प्रतिशत मैपिंग हो सके. साथ ही समाचार पत्र में प्रकाशित जानकारी के आधार पर नाना-नानी के माध्यम से मतदाता मैपिंग की प्रक्रिया भी समझायी गयी. बैठक के अंत में निर्वाचन कार्यों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पूरा करने पर बल दिया गया.
