सामाजिक एकता व संस्कार से मजबूत होगा समाज : जोसिमा खाखा

सुंदरपुर पल्ली में कैथोलिक सभा का वार्षिक अधिवेशन संपन्न

सिमडेगा. करौंदाबेड़ा भिखारिएट अंतर्गत सुंदरपुर पल्ली में कैथोलिक सभा का वार्षिक अधिवेशन संपन्न हुआ. अधिवेशन में मुख्य वक्ता के रूप में जिप सदस्य सह कांग्रेस महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष जोसिमा खाखा उपस्थित थीं. कार्यक्रम की शुरुआत मिस्सा पूजा व स्वागत कार्यक्रम के साथ हुई. इसके बाद सामाजिक मूल्य व सामाजिक एकता विषय पर आयोजित विशेष सत्र में मुख्य वक्ता जोसिमा खाखा ने विस्तार से अपने विचार रखे. कहा कि आज समाज में तेजी से बदलाव हो रहा है. आधुनिकता व भौतिकता की दौड़ में लोग अपने संस्कार, परंपरा और सामाजिक मूल्यों को धीरे-धीरे भूलते जा रहे हैं, जो चिंता का विषय है. उन्होंने कहा कि यदि समाज को मजबूत और संगठित रखना है, तो परिवार, समाज व धार्मिक संस्थाओं को मिल कर युवाओं को सही दिशा देने का काम करना होगा. कहा कि सामाजिक एकता केवल भाषणों से नहीं बल्कि व्यवहार से मजबूत होती है. जब समाज के लोग एक-दूसरे के सुख-दुख में साथ खड़े होते हैं, जरूरतमंदों की मदद करते हैं और आपसी भेदभाव को भूल कर आगे बढ़ते हैं, तभी समाज में वास्तविक भाईचारा स्थापित होता है. उन्होंने लोगों से आपसी मतभेद, ईर्ष्या और नफरत से दूर रह कर प्रेम और सहयोग की भावना के साथ जीवन जीने की अपील की. जोसिमा खाखा ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी समाज और देश का भविष्य हैं. युवाओं को शिक्षा के साथ-साथ नैतिकता, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारियों को भी समझना होगा. उन्होंने कहा कि नशाखोरी, गलत संगति व सामाजिक बुराइयों से दूर रह कर युवा यदि सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ें, तो समाज में बदलाव लाया जा सकता है. जोसिमा खाखा ने संबोधन के दौरान गीत के माध्यम से भी लोगों को सामाजिक एकता, प्रेम, भाईचारा और मानव सेवा का संदेश दिया. कार्यक्रम में डीन फादर विलियम मिंज ने भी समाज में धार्मिक व नैतिक मूल्यों की आवश्यकता पर प्रकाश डाला. फादर बर्नाबस, फादर जीतन, फादर अरविंद, कैथोलिक सभा अध्यक्ष रोहित एक्का, पूर्व जिप सदस्य प्रदीप सोरेंग, उर्मिला केरकेट्टा, प्रतिमा कुजूर, मरियम समेत अन्य लोग उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >