स्कूल की छत का प्लास्टर गिरने से छह वर्षीय छात्रा घायल

जर्जर भवन को लेकर उठे सवाल, शिक्षा विभाग की लापरवाही आयी सामने

कुरडेग. प्रखंड के बड़कीबिउरा पंचायत स्थित केराकच्छार राजकीय प्रावि में बुधवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया. जर्जर स्कूल भवन की छत से अचानक मोटा प्लास्टर गिरने से छह वर्षीय छात्रा प्रेमिका टोप्पो गंभीर रूप से घायल हो गयी. घटना उस समय हुई, जब बच्चे रोज की तरह कक्षा में पढ़ाई कर रहे थे. अचानक छत से प्लास्टर का बड़ा हिस्सा गिर कर छात्रा के सिर पर आ गिरा. इससे उसके सिर में गहरी चोट लगी और खून बहने लगा. घटना के बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गयी. घायल छात्रा को तत्काल सहायक शिक्षिका ज्योत्सना भागवत ने वाहन की व्यवस्था कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुरडेग पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने टांका लगा कर उसका उपचार किया. घटना के बाद विद्यालय में पढ़ रहे अन्य बच्चों में दहशत का माहौल है. इधर, ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय भवन लंबे समय से जर्जर हालत में है. इसकी जानकारी कई बार विभाग व पंचायत को दी गयी. लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गयी. प्रधानाध्यापक ने भी भवन की खराब स्थिति को लेकर विभाग को कई बार पत्र भेजने की बात कही. शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने मरम्मत के लिए जिला स्तर पर सूचना भेजने की बात कही. लेकिन अब तक कोई पहल नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश है. ग्रामीणों ने सवाल उठाया है कि आखिर कब तक जर्जर भवन में बच्चे अपनी जान जोखिम में डाल कर पढ़ाई करने को मजबूर रहेंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >