सिमडेगा: नगर परिषद बोर्ड की बैठक मंगलवार को नप अध्यक्ष ओलिवर लकड़ा की अध्यक्षता में हुई. बैठक में शहर की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा करते हुए प्राथमिकताओं के आधार पर सभी समस्याओं को दूर करने का निर्णय लिया गया.
विकास योजनाओं के लिए कम राशि, वार्ड सदस्यों से ली जायेगी योजना
बैठक में बताया गया कि वर्तमान में विभाग के द्वारा शहर में विकास योजना के लिए बेहद कम राशि आवंटित की गयी है. आवंटित राशि के आधार पर सभी वार्ड सदस्यों से योजना लेकर निविदा प्रकाशित करने का निर्णय लिया गया.
सभी वार्डों में व्यक्तिगत शौचालय की योजना
बैठक में शहरी क्षेत्र के सभी वार्डों में व्यक्तिगत शौचालय के निर्माण के लिए विभाग द्वारा लाई गयी योजना की जानकारी दी गयी.
पीएम आवास के लाभुकों का इकरारनामा कराने का निर्देश
पीएम आवास योजना के लिए पूर्व में चयनित लाभुकों के साथ संबंधित वार्ड पार्षद से अनुशंसा कराकर इकरारनामा करने का निर्देश दिया गया, ताकि सभी लाभुक समय पर आवास योजना का कार्य शुरू कर सकें.
होल्डिंग टैक्स, वाटर टैक्स और ट्रेड लाइसेंस का काम फिलहाल बाधित
बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी अरविंद तिर्की ने बताया कि नगर परिषद के द्वारा होल्डिंग टैक्स, वॉटर टैक्स और ट्रेड लाइसेंस का शुल्क जमा करने का कार्य करने वाली एजेंसी के साथ विभाग का इकरारनामा समाप्त हो चुका है. जिसके कारण फिलहाल उक्त सेवा बाधित है.
प्री फैब्रिकेटेड दुकानों का होगा आवंटन
नगर परिषद द्वारा बनाये गये प्री फैब्रिकेटेड दुकान को बोर्ड की बैठक में तय स्थलों में इंस्टॉलेशन करने के बाद आवंटन करने का निर्णय लिया गया.
खराब स्ट्रीट लाइटों की होगी अविलंब मरम्मत
शहरी क्षेत्र के सभी खराब पड़े स्ट्रीट लाइटों का अविलंब मरम्मत करने का भी निर्णय हुआ.
नगर परिषद के कार्यों की समय सीमा होगी तय
नगर परिषद के माध्यम से होने वाले सभी कार्यों के लिए समय सीमा निर्धारित कर उसे नप के कार्यालय बोर्ड में प्रकाशित करने का भी निर्णय हुआ.
सफाई व्यवस्था पर बोर्ड ने जताया असंतोष
शहरी क्षेत्र में चल रहे सफाई कार्य के प्रति भी असंतोष जाहिर करते हुए संबंधित एजेंसी को नोटिस जारी करने का प्रस्ताव पारित किया गया.
फुटपाथ दुकानदारों के पक्ष में बोर्ड, जगह आवंटित कर लिया जायेगा राजस्व
बोर्ड की बैठक में नप अध्यक्ष ओलिवर लकड़ा और उपाध्यक्ष दीपक रिंकू ने फुटपाथ दुकानदारों की समस्याओं को भी प्रमुखता के साथ उठाया. बैठक में कहा गया कि अतिक्रमण के नाम पर फुटपाथ दुकानदारों के साथ हो रही कार्रवाई पर सकारात्मक एवं सहानुभूति पूर्वक विचार करना चाहिए. फुटपाथ दुकानदारों को जगह आवंटित करते हुए राजस्व लेने का निर्णय लिया गया.
बैठक में उपाध्यक्ष दीपक रिंकू, ईओ अरविंद तिर्की, सिटी मैनेजर अर्पण इंदवार सहित सभी वार्ड सदस्य उपस्थित थे.
