सिमडेगा: राष्ट्रीय खेल दिवस और हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर सिमडेगा में हॉकी का भव्य आयोजन होने जा रहा है. हॉकी सिमडेगा द्वारा खेल विभाग, सिमडेगा के सहयोग से 21वीं मेजर ध्यानचंद सीनियर सिमडेगा जिला महिला एवं पुरुष हॉकी चैंपियनशिप 2026 का आयोजन किया जा रहा है. प्रतियोगिता का शुभारंभ 29 अगस्त को अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम, सिमडेगा में होगा.
इस वर्ष की प्रतियोगिता सिमडेगा जिला हॉकी के इतिहास में नया रिकॉर्ड कायम करेगी. चैंपियनशिप में कुल 58 टीमें हिस्सा लेंगी. इनमें पुरुष वर्ग की 40 और महिला वर्ग की 18 टीमें शामिल हैं. प्रतियोगिता में करीब 1044 खिलाड़ियों के मैदान में उतरने की संभावना है.
128 मुकाबलों में भिड़ेंगी टीमें
प्रतियोगिता के दौरान महिला और पुरुष वर्ग को मिलाकर कुल 128 मुकाबले खेले जाएंगे. इनमें पुरुष वर्ग में 88 और महिला वर्ग में 40 मैच होंगे. इतने बड़े स्तर पर मैचों का आयोजन सिमडेगा में पहली बार किया जा रहा है.
प्रतियोगिता के मुकाबले दोनों हॉकी मैदानों पर आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक टीमों को खेलने का अवसर मिल सके और चैंपियनशिप को निर्धारित समय में पूरा किया जा सके.
यह भी पढ़ें : Simdega News: अपराधियों पर पुलिस का ‘ऑपरेशन सतर्क’, 292 का सत्यापन; 483 पुराने निगरानी मामलों पर नजर
ग्रामीण खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच
जिले के ग्रामीण एवं सुदूरवर्ती क्षेत्रों से आने वाले खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बड़ा मंच मिलेगा. यह आयोजन सिमडेगा में हॉकी की बढ़ती लोकप्रियता के साथ जिले की ‘हॉकी नर्सरी’ की पहचान को भी और मजबूत करेगा.
‘खेलेगा भारत, जीतेगा भारत’ के संदेश के साथ आयोजित यह चैंपियनशिप खिलाड़ियों में खेल भावना, अनुशासन, टीम भावना और एकता का संदेश देगी.
