सिमडेगा में स्वतंत्रता दिवस का भव्य समारोह, डीसी कंचन सिंह बोलीं- आजादी अधिकार के साथ जिम्मेदारी भी

सिमडेगा में 80वां स्वतंत्रता दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। उपायुक्त कंचन सिंह ने तिरंगा फहराया और जिले के विकास व उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

सिमडेगा: देशभक्ति के जज्बे और तिरंगे की आन, बान और शान के बीच सिमडेगा में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे उत्साह के साथ मनाया गया. परमवीर अल्बर्ट एक्का स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय मुख्य समारोह में उपायुक्त कंचन सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया. राष्ट्रगान के साथ पूरा स्टेडियम देशभक्ति के रंग में डूब गया.

11 प्लाटून की शानदार परेड ने बढ़ाया समारोह का गौरव

पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी और विभिन्न विद्यालयों के कुल 11 प्लाटून ने अनुशासित कदमताल के साथ परेड प्रस्तुत की. उपायुक्त ने खुली गाड़ी में पुलिस अधीक्षक और सार्जेंट मेजर के साथ परेड का निरीक्षण किया. विभिन्न विद्यालयों के बैंड की शानदार प्रस्तुति ने समारोह का आकर्षण बढ़ाया.

स्वतंत्रता अधिकार के साथ जिम्मेदारी भी : उपायुक्त

उपायुक्त कंचन सिंह ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता केवल अधिकार प्राप्त करने का नाम नहीं, बल्कि देश और समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संकल्प भी है. उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा, सिद्धो-कान्हू और तेलंगा खड़िया सहित झारखंड के वीर सपूतों को नमन किया.

उन्होंने जिलेवासियों से सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और कानून-व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी की अपील की.

हॉकी की नर्सरी से अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचा सिमडेगा

उपायुक्त ने कहा कि सिमडेगा की पहचान देशभर में हॉकी की नर्सरी के रूप में है. जिले की पुष्पा मांझी और संदीपा कुमारी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय महिला हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व कर जिले का गौरव बढ़ाया है. उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व की भावना विकसित करता है.

पर्यटन और विरासत को मिल रही नई पहचान

रामरेखा धाम में आधारभूत सुविधाओं और सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू हो चुका है. केलाघाघ में ईको टूरिज्म, एडवेंचर स्पोर्ट्स और रॉक क्लाइम्बिंग की संभावनाओं पर काम किया जा रहा है. हेरिटेज सेंटर-कम-म्यूजियम का प्रतिष्ठित SKOCH AWARD के सेमीफाइनल में चयनित होना जिले की उपलब्धि है.

शिक्षा के क्षेत्र में सिमडेगा ने रचा कीर्तिमान

इंटरमीडिएट वाणिज्य में 99.56 प्रतिशत परिणाम के साथ सिमडेगा राज्य में प्रथम रहा, जबकि कला में 99.36 प्रतिशत परिणाम के साथ जिले ने तृतीय स्थान हासिल किया. मैट्रिक में जिले की छात्रा ने राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया. चार विद्यालयों में Advanced STEM Lab स्थापित किए जा रहे हैं.

सामाजिक सुरक्षा और पेयजल पर विशेष जोर

उपायुक्त ने बताया कि जिले में 3,65,262 लाभुकों को विभिन्न पेंशन योजनाओं का लाभ मिल रहा है. मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत 89,475 महिलाओं को राशि का भुगतान किया जा चुका है. 94 ग्राम पंचायतों में पंचायत ज्ञान केंद्र स्थापित किए गए हैं. वहीं, 1,20,932 घरों में नल से जल पहुंचाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है.

कृषि, मत्स्य और रोजगार को मिल रही गति

25 एकड़ भूमि में Integrated Agro Processing Hub के निर्माण की स्वीकृति मिली है. जिले में 8,562 मीट्रिक टन मछली का उत्पादन हुआ है. केलाघाघ जलाशय में Giant Freshwater Prawn का पायलट प्रोजेक्ट भी सफल रहा है. रोजगार मेलों और भर्ती शिविरों के माध्यम से 93 शिक्षित बेरोजगारों को निजी क्षेत्र में रोजगार मिला है.

साढ़े चार लाख पौधों से हरित भविष्य की नींव

सिमडेगा, बोलबा, कोलेबिरा और कुरडेग में अवकृष्ट वनों के पुनर्वास के तहत साढ़े चार लाख से अधिक पौधे लगाए गए हैं. उपायुक्त ने कहा कि विकास और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ चलना चाहिए. उन्होंने लोगों से जल और ऊर्जा संरक्षण के साथ हरियाली बचाने की अपील की.

सड़क सुरक्षा को लेकर उपायुक्त की भावुक अपील

उपायुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटना में किसी व्यक्ति की मौत केवल एक जीवन का अंत नहीं, बल्कि पूरे परिवार की दुनिया उजड़ने जैसी त्रासदी है. उन्होंने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और दुर्घटना पीड़ितों की मदद करने की अपील की.

ग्रामीण सड़कों और पुलों से मजबूत होगी कनेक्टिविटी

मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सात पथों का निर्माण पूरा हो चुका है और 15 पथों पर काम जारी है. मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढ़ीकरण योजना के तहत 65 पथों का सुदृढ़ीकरण पूरा किया गया है. प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 24 पथों को स्वीकृति मिली है. दो हाई लेवल ब्रिज का निर्माण भी पूरा कराया गया है.

"सिमडेगा की हरियाली और संस्कृति हमारी असली पहचान"

उपायुक्त ने कहा कि सिमडेगा की हरियाली उसकी ताकत, आदिवासी संस्कृति उसकी पहचान और स्थानीय भाषाएं, लोकगीत, नृत्य एवं त्योहार उसकी अमूल्य विरासत हैं. उन्होंने नशा और अंधविश्वास से दूर रहने तथा सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की.

19 उत्कृष्ट पदाधिकारी-कर्मी सम्मानित

स्वतंत्रता दिवस समारोह में उत्कृष्ट एवं उल्लेखनीय कार्य के लिए कुल 19 पदाधिकारी, कर्मी और पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया. हॉकी में उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए पुष्पा मांझी को माइकल किंडो मेमोरियल अवार्ड प्रदान किया गया. प्रशासनिक और पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मियों को भी उनके उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित किया गया.

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

समारोह में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजीव कुमार सिन्हा, विधायक भूषण बाड़ा, विधायक नमन विक्सल कोनगाड़ी, पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे, उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी सहित जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में जिलेवासी मौजूद रहे.

फोटो स्वतंत्रता दिवस समारोह को संबोधित करते उपायुक्त कंचन सिंह, मंच पर उपस्थित अतिथि | Prabhat Khabar Network


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Ravikant

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >