सिमडेगा: जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर रोक लगाने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है. बुधवार को उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय खनन टास्क फोर्स की बैठक में अवैध खनन के मामलों की समीक्षा की गई. बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि जिले में किसी भी परिस्थिति में अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमित छापेमारी चलाते हुए कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.
बैठक में जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि जुलाई 2026 में अवैध खनन के तीन मामलों में कार्रवाई की गई है. वहीं चालू वित्तीय वर्ष में अब तक 62 निरीक्षण किए गए हैं. कार्रवाई के दौरान पकड़े गए मामलों में अब तक ₹13,79,054 का जुर्माना वसूला गया है.
उपायुक्त ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ अवैध खनन पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि एनजीटी के निर्देशों का पूरी तरह पालन किया जाए तथा अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाए.
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रीकांत एस. खोटरे, अपर समाहर्ता गिरिजा शंकर महतो, डीएसपी रणबीर सिंह, जिला परिवहन पदाधिकारी संजय बखला, जिला आपूर्ति पदाधिकारी नरेश रजक सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे.
