जलडेगा. एसएस प्लस टू उवि बांसजोर में झारखंड स्थापना दिवस सह रजत जयंती समारोह पर एकदिवसीय सेमिनार लगाया गया. मुख्य अतिथि के रूप में आजसू के संस्थापक सदस्य सह झारखंड आंदोलनकारी प्रभाकर तिर्की व विशिष्ट अतिथि के रूप में कुलभूषण डुंगडुंग, जिप सदस्य ठेठईटांगर अजय कुमार एक्का, जिप सदस्य बांसजोर सामरोम पॉल तोपनो, प्रदेश अध्यक्ष झारखंड राज्य आदिम जनजाति दिलीप बिरहोर, बीडीओ इमानुएल जयबीरस लकड़ा, एसएमसी अध्यक्ष जगरनाथ बड़ाइक व नागपुरी युवा कवि सह लेखक मुंगेश्वर साहू उपस्थित थे. प्रधानाध्यापक लक्ष्मी नारायण सिंह ने सभी अतिथियों को शॉल ओढ़ा कर सम्मानित किया. जिप सदस्य अजय एक्का ने कहा कि हमारे पूर्वजों ने अपने खून से झारखंड राज्य की गौरवपूर्ण इतिहास को लिखा. अब इस पीढ़ी के युवाओं के कंधे पर इस झारखंड को संवारने की जिम्मेदारी है. कुलभूषण डुंगडुंग ने झारखंड के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को महत्वपूर्ण जानकारी दी. मुख्य अतिथि प्रभाकर तिर्की ने कहा कि झारखंड के अस्तित्व के लिए अनेक महान विभूतियों ने अपने जीवन का बलिदान दिया. आज का दिन हमें उनकी त्याग तपस्या को स्मरण करने और युवाओं में जागरूकता पैदा करने का अवसर देता है. संचालन शिक्षक अनूप डुंगडुंग ने किया. कार्यक्रम को सफल बनाने में अनिता कुमारी, अजीत मड़की, रजनी केरकेट्टा आदि का महत्वपूर्ण योगदान रहा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।