सिमडेगा: समय पर मजदूरी का भुगतान नहीं होने से नाराज नगर परिषद के सफाईकर्मियों ने बुधवार को एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल की. सफाईकर्मियों ने नगर परिषद की सहयोगी संस्था की एजेंसी के कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन कर समय पर मजदूरी भुगतान की मांग की. हड़ताल के कारण शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित रही.
हर माह भुगतान में होती है देरी
सफाईकर्मियों के अनुसार, शहरी क्षेत्र में करीब 70 कर्मी सफाई कार्य में लगे हैं. कर्मियों को प्रत्येक माह आठ से 10 तारीख तक मजदूरी का भुगतान किया जाना चाहिए, लेकिन मजदूरी करीब 20 तारीख तक दी जाती है. इससे उन्हें परिवार का खर्च चलाने में काफी परेशानी होती है. पर्व-त्योहार के समय भी समय पर मजदूरी नहीं मिलने से सफाईकर्मियों में रोष है.
किराया और राशन भुगतान करने में हो रही परेशानी
कर्मियों ने बताया कि समय पर मजदूरी नहीं मिलने के कारण घर का किराया, राशन दुकानदार, बच्चों को स्कूल पहुंचाने वाले ऑटो चालक समेत अन्य लोगों का भुगतान समय पर नहीं कर पाते हैं. इसके कारण उन्हें संबंधित लोगों की बातें सुननी पड़ती हैं. कर्मियों का कहना है कि समय पर मजदूरी मिलना उनके लिए बेहद जरूरी है, ताकि वे परिवार की जरूरतें समय पर पूरी कर सकें.
ये भी पढ़ें- Palamu Road Accident: 8 महीने में 172 मौत, अब 5 ब्लैक स्पॉट पर होगा सुरक्षा का खास इंतजाम
बैठकों में बनी सहमति, फिर भी नहीं हुआ नियमित भुगतान
सफाईकर्मियों ने बताया कि समय पर मजदूरी भुगतान को लेकर कई बार एजेंसी और नगर परिषद के पदाधिकारियों के साथ बैठक हो चुकी है. बैठकों में हर माह आठ से 10 तारीख तक मजदूरी भुगतान करने पर सहमति भी बनी थी. इसके बावजूद तय समय पर नियमित रूप से मजदूरी का भुगतान नहीं किया जा रहा है.
सुधार नहीं हुआ तो चरणबद्ध आंदोलन की चेतावनी
सफाईकर्मियों ने कहा कि समय पर मजदूरी भुगतान की मांग को लेकर बुधवार को सांकेतिक हड़ताल की गई है. यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ और समय पर मजदूरी का भुगतान शुरू नहीं किया गया, तो वे चरणबद्ध तरीके से आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे. हड़ताल के कारण बुधवार को शहर के विभिन्न इलाकों में नियमित सफाई कार्य प्रभावित रहा.
ये भी पढ़ें- 4 दिन पहले आया था नया सिलेंडर, अचानक हुआ धमाका और क्षतिग्रस्त हो गया पूरा मकान
