सिमडेगा. बोलबा प्रखंड के समसेरा पल्ली में शुक्रवार को संत मोनिका पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया. इस अवसर पर चर्च में विशेष धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कोलेबिरा विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी उपस्थित हुए.
समसेरा पल्ली के पल्ली पुरोहित के नेतृत्व में पवित्र मिस्सा बलिदान अर्पित किया गया. धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में विश्वासी शामिल हुए और संत मोनिका के जीवन एवं उनके आदर्शों को स्मरण किया. मौके पर विधायक नमन बिक्सल कोंगाड़ी ने कहा कि संत मोनिका का जीवन आज के समाज के लिए भी प्रेरणादायी है. उन्होंने परिवार में प्रेम, क्षमा, संयम और संस्कार बनाए रखने के साथ जरूरतमंदों की सेवा को भी विशेष महत्व दिया. उन्होंने लोगों से संत मोनिका के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने की अपील की.
विधायक ने कहा कि शिक्षा, अनुशासन, सेवा, प्रेम और मानवता के मार्ग पर चलकर ही समाज को बेहतर बनाया जा सकता है. संत मोनिका ने पारिवारिक जीवन की कठिन परिस्थितियों के बावजूद ईश्वर पर अपना विश्वास नहीं छोड़ा. अपने पुत्र संत ऑगस्टीन के आध्यात्मिक परिवर्तन और उन्हें सही मार्ग पर लाने के लिए उन्होंने वर्षों तक प्रार्थना और तपस्या की। उनकी प्रार्थना और तपस्या के फलस्वरूप ऑगस्टीन आगे चलकर महान धर्मशास्त्री और संत बने. उन्होंने कहा कि संत मोनिका का जीवन संघर्षों से भरा रहा, लेकिन उन्होंने प्रभु पर अपना अटूट विश्वास बनाए रखा. हमें भी जीवन की चुनौतियों और कठिन परिस्थितियों में ईश्वर पर भरोसा रखते हुए निरंतर प्रार्थना करनी चाहिए. इससे जीवन और परिवार में सकारात्मक बदलाव लाने की प्रेरणा मिलती है.
कार्यक्रम में जिला विधायक प्रतिनिधि रावेल लकड़ा, शमी आलम, सांसद प्रतिनिधि अमित डुंगडुंग, प्रखंड अध्यक्ष ज्वलंत बेक, प्रखंड विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद कारू, संजय कुजूर, राजेश डुंगडुंग सहित बड़ी संख्या में विश्वासी उपस्थित रहे.
