मरदा में संत जोसेफ चर्च बना नया पारिस, हजारों श्रद्धालु हुए शामिल

बिशप लिनुस पिंगल एक्का ने कराया अनुष्ठान

बिशप लिनुस पिंगल एक्का ने कराया अनुष्ठान सिमडेगा. सिमडेगा विधानसभा क्षेत्र के पालकोट बागेसेरा पंचायत अंतर्गत मरदा गांव में रविवार को संत जोसेफ चर्च मरदा को विधिवत रूप से नया पारिस घोषित किया गया. इस अवसर पर मिस्सा पूजा का आयोजन किया गया. मिस्सा पूजा का नेतृत्व गुमला धर्मप्रांत के बिशप लिनुस पिंगल एक्का ने किया. उनके साथ डीन, पल्ली पुरोहित एवं अन्य सहयोगी पुरोहितों ने धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराया. कार्यक्रम में हजारों की संख्या में मसीही विश्वासी, सिस्टर एवं अतिथि उपस्थित थे. कार्यक्रम में कांग्रेस के सिमडेगा जिला अध्यक्ष सह विधायक भूषण बड़ा एवं कांग्रेस महिला जिला अध्यक्ष सह जिप सदस्य जोसिमा खाखा मुख्य रूप से मौजूद थीं. इसके अलावा सेत कुमार एक्का, विधायक प्रतिनिधि प्रदीप सोरेंग, 20 सूत्री अध्यक्ष रोहित एक्का, जिला महासचिव विजय ठाकुर, मुखिया कांति केरकेट्टा, पंचायत अध्यक्ष विनोद उरांव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे. मौके पर विधायक मद से आरसी मध्य विद्यालय में नये स्कूल भवन निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया. इस दौरान विधायक ने शिलापट्ट का अनावरण किया. कार्यक्रम के दौरान बिशप ने आशीष जल छिड़क कर सभी को आशीर्वाद दिया. प्रभु यीशु के बताये मार्ग पर चलकर करें सेवा: बिशप अपने संबोधन में बिशप लिनुस पिंगल एक्का ने कहा कि नया पारिस घोषित होना विश्वास की गहराई और समुदाय की एकता का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि चर्च केवल प्रार्थना का स्थान नहीं, बल्कि प्रेम, सेवा और मानवता का केंद्र है. उन्होंने कहा कि हमें प्रभु यीशु के बताये मार्ग पर चलते हुए समाज के कमजोर और जरूरतमंद लोगों की सेवा करनी चाहिए. साथ ही सभी विश्वासियों से एकजुट रहकर समाज में शांति, भाईचारा और सहयोग की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया. आस्था मजबूत होगी, तो समाज भी सशक्त बनेगा : भूषण बड़ विधायक भूषण बड़ा ने मरदा में चर्च को नया पारिस घोषित किये जाने पर खुशी जतायी. उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। धर्म और विकास एक-दूसरे के पूरक हैं और जहां आस्था मजबूत होती है, वहां समाज भी सशक्त बनता है. उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा आवश्यक है. उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं होने दी जायेगी. उन्होंने कहा कि नये स्कूल भवन का शिलान्यास बच्चों के सपनों की नींव है, जहां से पढ़कर निकलने वाले बच्चे भविष्य में डॉक्टर, इंजीनियर व अधिकारी बनकर जिले और देश का नाम रोशन करेंगे. समाज के विकास में सभी का सहयोग जरूरी: जोसिमा खाखा जोसिमा खाखा ने कहा कि इस तरह के धार्मिक व सामाजिक आयोजन समाज को एकजुट करने का कार्य करते हैं. उन्होंने महिलाओं को समाज की रीढ़ बताते हुए कहा कि महिला सशक्तीकरण से ही समग्र विकास संभव है. उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य व महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने पर बल दिया और सभी से क्षेत्र के विकास में सहयोग करने की अपील की.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Akarsh Aniket

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >