सिमडेगा: जिले के लोगों को अब बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं अपने ही जिले में मिलेंगी. सदर अस्पताल सिमडेगा में अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की शुरुआत कर दी गई है. जिला प्रशासन के प्रयास से सिक्यूरिटी प्रिंटिंग एंड माइनिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एसपीएमसीआईएल) ने कॉर्पोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) मद के तहत करीब दो करोड़ रुपये मूल्य के आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए हैं.
बुधवार को उपायुक्त कंचन सिंह एवं एसपीएमसीआईएल के चेयरमैन सह प्रबंध निदेशक विजय रंजन सिंह ने संयुक्त रूप से हाईटेक ऑपरेशन थिएटर, डिजिटल एक्स-रे यूनिट और आधुनिक लैब का उद्घाटन किया. इसके बाद दोनों अधिकारियों ने अस्पताल परिसर का निरीक्षण कर नवस्थापित उपकरणों की कार्यप्रणाली का भी जायजा लिया.
सीएसआर के तहत अस्पताल को हाईटेक सी-आर्म मशीन, लेप्रोस्कोपी सिस्टम, डिजिटल एक्स-रे मशीन तथा अत्याधुनिक लैब उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं. इन उपकरणों के शुरू होने से अब सदर अस्पताल में विभिन्न प्रकार के ऑपरेशन एवं आवश्यक जांच निशुल्क कराई जा सकेंगी. इससे सिमडेगा ही नहीं, आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को भी इलाज के लिए रांची या अन्य बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. मरीजों का समय बचेगा और इलाज पर होने वाला आर्थिक बोझ भी कम होगा.
उपायुक्त कंचन सिंह ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य जिलेवासियों को उनके गृह जिले में ही गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है. आधुनिक चिकित्सा उपकरणों के उपयोग से स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार आएगा और मरीजों को बेहतर उपचार मिल सकेगा.
मौके पर सिविल सर्जन डॉ. सुंदर मोहन सामाद, नजारत उप समाहर्ता-सह-जिला आपूर्ति पदाधिकारी नरेश रजक समेत अन्य अधिकारी एवं स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे.
