38 वर्षों से फरार चल रहा डकैती कांड का आरोपी गिरफ्तार
38 वर्षों से फरार चल रहा डकैती कांड का आरोपी गिरफ्तार
सिमडेगा. जलडेगा थाना क्षेत्र के वर्ष 1988 के बहुचर्चित बंदोजेरा डकैती कांड में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने करीब 38 वर्षों बाद गिरफ्तार कर लिया है. इस कार्रवाई से पुराने लंबित मामलों के निष्पादन में पुलिस को सफलता मिली है. जानकारी के अनुसार वर्ष 1988 में बंदोजेरा क्षेत्र में डकैतों ने घटना को अंजाम दिया गया था. इस मामले में जलडेगा थाना में मामला दर्ज किया गया था. अनुसंधान के क्रम में कांड में शामिल अन्य अपराधियों को पूर्व में ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था, जबकि एक आरोपी जोहन कंडुलना (पिता- इशाक कंडुलना, निवासी करमापानी, थाना जलडेगा, जिला सिमडेगा) लंबे समय से फरार चल रहा था. एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया गया. गुप्त सूचना व तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस टीम ने 24 अप्रैल को बोकारो जिला के बालीडीह थाना क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को सिमडेगा लाकर पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया. एसडीपीओ बैजू उरांव ने बताया कि आरोपी लंबे समय से पहचान छिपा कर अलग-अलग स्थानों पर रह रहा था, जिससे उसकी गिरफ्तारी में देरी हुई. इस कार्रवाई में जलडेगा थाना प्रभारी पुअनि जितेंद्र कुमार के साथ सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.